क्राइस्टचर्च में भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में गुरनूर बराड़ ने डेब्यू किया है। बराड़ को प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में शामिल किया गया, जबकि मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा को एक बार फिर प्लेइंग-11 से बाहर रखा गया।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने जडेजा को बाहर रखने पर सवाल उठाए हैं। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में जडेजा भारत के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक रहे हैं और वह टेस्ट के चौथे और पांचवें दिन असरदार साबित हो सकते थे। उन्होंने कहा कि जडेजा ऐसी पिचों पर भी गेंद को टर्न कराने के लिए जाने जाते हैं, जहां से ज्यादा मदद नहीं मिलती। गावस्कर ने कहा कि सिराज और जडेजा, दोनों के लिए यह बदकिस्मती की बात है।

हालांकि, गावस्कर ने टीम इंडिया का समर्थन भी किया। उन्होंने कहा कि प्लेइंग-11 पर जो भी राय हो, लेकिन एक बार टीम चुन लेने के बाद उसका समर्थन करना चाहिए, क्योंकि यह भारतीय टीम है।

पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 246 रन बनाए हैं। शुरुआती झटकों से उबरते हुए टॉम ब्लंडल 53 रन और ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। कप्तान टॉम लैथम ने 59 रन की पारी खेली। भारत के लिए आकाश दीप ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।