नई दिल्ली: दिल्ली कैंट बोर्ड क्षेत्र में रहने वाले लोग अब चार मंजिला आवासीय भवन बना सकेंगे। यह सुविधा नए बिल्डिंग बायलॉज-2026 के तहत मिलेगी, जिसे जल्द ही अधिसूचित किया जाएगा। बोर्ड के CEO रॉबिन बलेजा के अनुसार, नया बायलॉज अधिसूचना के लिए रक्षा मंत्रालय को भेज दिया गया है और जल्द ही यह अधिसूचित हो जाएगा।
बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक, बिल्डिंग बायलॉज-2002 में कैंट क्षेत्र में 11 मीटर (तीन मंजिला) ऊंचाई तक आवासीय भवन बनाने की अनुमति थी। नए बायलॉज में यह सीमा बढ़ाकर 15 मीटर कर दी गई है। स्टिल्ट पार्किंग बनाने की स्थिति में भवन की ऊंचाई 16 मीटर तक हो सकती है।
पुराने बायलॉज में छोटे और मध्यम आवासीय भूखंडों के लिए अधिकतम FAR 100 से 180 के बीच सीमित था, जिसे नए बायलॉज में बढ़ाकर 225 तक कर दिया गया है। छोटी इमारतों के लिए FAR अधिक रखा गया है। मार्केट क्षेत्र में 60-175 वर्ग मीटर के दुकान-सह-मकान भूखंडों पर 100% ग्राउंड कवरेज की छूट दी गई है।
नए बायलॉज में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 50 मीटर से छोटे भूखंडों पर भवन निर्माण नहीं किया जा सकता। अधिकारियों के अनुसार, आवासीय भवनों पर रूफ टॉप सोलर पावर प्लांट और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने पर दिल्ली कैंट बोर्ड कुल डिवेलपमेंट चार्ज का 50 प्रतिशत तक प्रोत्साहन राशि के रूप में रिफंड देगा। सिविल और नॉन-सिविल क्षेत्र हटाकर कैंट बोर्ड क्षेत्र को दो जोन में बांटा गया है।
