रुद्रपुर के इंदिरा कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के बाद पिता द्वारा लोहे की सब्बल से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में मौत हो गई। आरोप है कि पिता ने सोते समय बेटे के सिर पर कई वार किए थे। घटना के बाद से आरोपी पिता फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

इंदिरा कॉलोनी निवासी विक्की पुत्र सुरेश कुमार के अनुसार, 22 नवंबर की शाम करीब छह बजे उसका बड़ा भाई अनिल कुमार घर पर सो रहा था। इसी दौरान उनके 50 वर्षीय पिता सुरेश कुमार ने लोहे की सब्बल से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर आईसीयू में भर्ती कराया गया। बाद में उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

विक्की ने पुलिस को बताया था कि हमले के बाद अनिल कोमा में चला गया था और वह न बोल पा रहा था और न ही सुन पा रहा था। आरोप है कि वारदात के बाद पिता घर में रखे 50 से 60 हजार रुपये, दो तोला सोना और करीब 100 ग्राम चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया। घर से जाने से पहले उसने रसोई गैस सिलेंडर में आग लगाने के साथ ही तोड़फोड़ भी की थी। घटना के बाद से आरोपित का मोबाइल फोन भी बंद है।

सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि आरोपित सुरेश कुमार के विरुद्ध पहले प्राथमिकी पंजीकृत की गई थी। घायल की उपचार के दौरान मौत होने के बाद आरोपित पिता की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक तीन भाइयों और दो बहनों में से एक था और शादी-विवाह में फोटोग्राफर का काम करता था।