राकांपा (शरद पवार) विधायक रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर बारामती विमान हादसे की गहन और पारदर्शी जांच के लिए हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा है कि वे अपने चाचा और तत्कालीन महाराष्ट्र उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की आकस्मिक या संदिग्ध मौत की जांच चाहते हैं। रोहित पवार का मानना है कि इससे राज्य भर के करोड़ों लोगों के मन में उठ रहे संदेह दूर हो सकेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों नेता पत्र को गंभीरता से लेंगे और उचित कार्रवाई करेंगे।

सोमवार को रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर आरोप लगाया था कि वे जांच में विमानन कंपनी वीएसआर वेंचर्स और उसके मालिक को बचा रहे हैं। उन्होंने दावा किया था कि शक्तिशाली राजनीतिक संबंध उनके खिलाफ कार्रवाई को रोक रहे हैं। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा था कि हर एजेंसी जिम्मेदारी से बच रही है। रोहित पवार ने मांग की थी कि हादसे की जांच राज्य सीआईडी से सीबीआई को सौंपी जाए। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे फडणवीस या किसी अन्य व्यक्ति पर दुर्घटना का कारण बनने या तोड़फोड़ का आरोप नहीं लगा रहे हैं, बल्कि केवल यह आरोप लगा रहे हैं कि उन लोगों को बचाया जा रहा है जिनकी जांच होनी चाहिए।

वीएसआर द्वारा संचालित एक लियरजेट 45 विमान 28 जनवरी को पुणे जिले में बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटाग्रस्त हो गया था, जिसमें अजीत पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। फडणवीस ने हाल ही में कहा था कि उन्होंने शाह से हादसे की जांच में तेजी लाने का आग्रह किया है और लोगों के सवालों तथा आशंकाओं को दूर करने के लिए जल्द निष्कर्ष सार्वजनिक करने को कहा है। भाजपा ने रोहित पवार पर निम्न-स्तरीय राजनीति करने और केवल प्रचार की तलाश करने का आरोप लगाया है।