पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ सभी दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस ने नशा, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई को मुख्य मुद्दा बनाया है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि आम आदमी पार्टी के खिलाफ लोगों में नाराजगी और अकाली दल के घटते समर्थन से राजनीतिक स्थितियां कांग्रेस के पक्ष में हैं। हालांकि, कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती वोट प्रतिशत बढ़ाने की है। प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार 2022 के विधानसभा चुनाव में आप ने 42 फीसदी वोट के साथ 92 सीट जीती थीं, जबकि कांग्रेस को 22 प्रतिशत वोट के साथ 18 सीट मिली थीं।
इस बीच कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने बुधवार को जानकारी दी कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदेश चुनाव समिति के सदस्यों के नाम मंजूर कर लिए हैं और समिति को तत्काल प्रभाव से काम शुरू करने का निर्देश दिया है। पूर्व मंत्री परगट सिंह को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में प्रताप सिंह बाजवा, अंबिका सोनी, राजिंदर कौर भट्टल, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, मनीष तिवारी, विजय इंदर सिंगला, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, शमशेर सिंह दुल्लो, सुखपाल सिंह खैरा और अमर सिंह सहित कुल 42 सदस्य शामिल हैं।
राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी भी चुनावी मोड में है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को कहा कि आप सरकार के सत्ता में रहने तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, एक हजार रुपये मासिक आर्थिक सहायता, 10 लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त बिजली जैसी कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी। उन्होंने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों को जनता ने कई अवसर दिए, लेकिन उनके शासनकाल में राज्य की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।