अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था पर दिए गए राहुल गांधी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को 'भारत विरोधी प्रचार का नेता' बताते हुए आरोप लगाया कि वह विदेश जाकर देश की छवि खराब कर रहे हैं। भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी भारत की प्रगति और लोकतंत्र को लेकर नकारात्मक बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और वैश्विक स्तर पर भारतीय लोकतंत्र का सम्मान किया जाता है।

अपने पोस्ट में भंडारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि वह विदेश दौरों पर हमेशा भारत के राष्ट्रीय हितों और तिरंगे के सम्मान को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने राहुल गांधी के बयान की तुलना पीएम मोदी के व्यवहार से की। भंडारी ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि क्वाड जैसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान जमीन पर गिरा भारतीय झंडे का निशान देखकर प्रधानमंत्री मोदी ने उसे उठाकर अपनी जेब में रख लिया था। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की चुनावी व्यवस्था और लोकतंत्र की आलोचना करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेता देश लौटने के बाद भी विदेशी लोगों के जरिए भारत की व्यवस्था पर सवाल उठवाते हैं। भंडारी ने दावा किया कि राहुल गांधी और कांग्रेस को 2029 के आम चुनाव में भी विपक्ष में ही बैठना पड़ेगा।

दरअसल, राहुल गांधी इन दिनों दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत की। यहां उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, देश में बेरोजगारी की समस्या गंभीर है और शिक्षा व्यवस्था के सामने भी बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि देश के मध्यवर्गीय परिवारों से आने वाले कई युवा मौजूदा हालात से निराश हैं, क्योंकि उन्हें अपने भविष्य को लेकर संभावनाएं नजर नहीं आ रही हैं।

राहुल गांधी अपने अमेरिका दौरे के दौरान 18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी भी जाने वाले हैं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी में उनके संबोधन के बाद भाजपा ने उनके बयानों को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, राहुल गांधी ने अपने संबोधन में देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और शिक्षा से जुड़ी चुनौतियों को सामने रखा।