मंगलवार को फ़िलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड देशों के शीर्ष नेताओं का शिखर सम्मेलन हुआ। इसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जापान की प्रधानमंत्री सनाई ताकाइची, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शामिल हुए। दो साल में यह पहला मौका है जब क्वाड के चारों देशों के नेताओं ने शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया।
फ़ोटो सेशन के दौरान ट्रंप ने अपने सहयोगियों की तारीफ़ की और कहा कि तीनों नेताओं के साथ उनके लंबे समय से अच्छे निजी संबंध हैं। उन्होंने पीएम मोदी को महान नेता बताया और कहा कि दुनिया भर में उनका सम्मान किया जाता है। ट्रंप ने मुस्कुराते हुए पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए कहा कि वे बहुत टफ़ आदमी हैं।
इसी दौरान पीएम मोदी ने झुककर एक मार्कर उठाया, जिसपर मीडिया ख़बरों के मुताबिक तिरंगा छपा था, और उसे जेब में रख लिया। ट्रंप ने पीएम मोदी की पीठ थपथपाते हुए 'सेव इट' कहा। जब ट्रंप पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे, तब पीएम मोदी ने 'शैल वी गो' यानी क्या हम चलें? कहा। इस पर ताकाइची और अल्बानीज़ थोड़ा हैरान से नज़र आए, जबकि ट्रंप अपनी बातचीत जारी रखे हुए थे।
पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस को बाकी तीन नेताओं के लिए अपमानजनक बताया है। अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकार ब्रह्मा चेलानी ने कहा कि इस फ़ोटो सेशन ने क्वाड के भीतर तनाव और असमान शक्ति संतुलन को उजागर किया। उल्लेखनीय है कि रेसिप्रोकल टैरिफ़ को लेकर भारत और अमेरिका के बीच गतिरोध की स्थिति है और ट्रेड डील पर वार्ता अभी अंतिम रूप नहीं ले सकी है।
