जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार तड़के सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर लतीफ भट को घेर लिया। सुरक्षाबलों ने उसे वीडियो कॉल पर सरेंडर करने का मौका दिया, लेकिन उसने इनकार कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने उससे कहा कि वह सरेंडर कर दे और सुरक्षाबल उसके साथ हैं। जवाब में भट ने कहा कि उसे अल्लाह से मुलाकात करनी है और वह बहुत खुश है। अधिकारियों के मुताबिक, सरेंडर के लिए की गई अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद सुरक्षाबलों ने लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया।
अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ घाटी की मस्जिदों से सुबह की नमाज के लिए अजान होने से कुछ ही देर पहले शुरू हुई। खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। यह गांव पहले हुई मुठभेड़ के स्थल से कुछ दूरी पर है। तलाश अभियान के दौरान तड़के सुरक्षाबलों का भट से सामना हुआ, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई।
लतीफ भट 11 नवंबर को सीआरपीएफ चेकपॉइंट पर हुए हमले में शामिल था। उस हमले में अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हुए थे। सोमवार को इसी जिले के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों ने उमर निसार डार नाम के आतंकवादी को मार गिराया था। अधिकारियों के अनुसार, डार भी 11 नवंबर के हमले में शामिल था और भट सोमवार को मुठभेड़ स्थल से बचकर फरार हो गया था।
अधिकारियों के मुताबिक, डार ने कथित तौर पर लतीफ भट को करीब छह महीने तक पनाह दी और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई। दोनों ने पिछले सप्ताह सीआरपीएफ की चौकी पर हमले से पहले इलाके की रेकी की थी। डार पहले ब्रेड बनाने का काम करता था और उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी। वह कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' में शामिल हुआ था और इसके बमुश्किल एक सप्ताह बाद सोमवार को मुठभेड़ में मारा गया।
