शीना बोरा हत्याकांड का मुकदमा नौ साल बाद निर्णायक दौर में पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर रोजाना चल रही सुनवाई के बीच सीबीआई ने मंगलवार को विशेष अदालत को बताया कि उसकी ओर से अब कोई और सबूत या गवाह पेश नहीं किया जाएगा। एजेंसी ने इस मामले में 150 गवाहों के बयान दर्ज कराए हैं। पूर्व मीडिया अधिकारी इंद्राणी मुखर्जी, उनके पूर्व पति पीटर मुखर्जी और संजीव खन्ना मुख्य आरोपी के तौर पर मुकदमे का सामना कर रहे हैं।
सीबीआई की ओर से सबूत पेश करने का सिलसिला थमने के बाद अब अदालत आरोपियों के बयान दर्ज करेगी। इसके लिए आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत मुकदमे के दौरान सामने आए सबूतों और गवाहों की बातों के आधार पर आरोपियों से सीधे सवाल पूछे जाएंगे। इससे पहले आरोपियों को अपने बचाव में गवाह पेश करने का मौका मिलेगा। इसके बाद सरकारी और बचाव पक्ष के वकील अदालत में अपनी अंतिम दलीलें रखेंगे। दोनों पक्षों की बहस पूरी होते ही अदालत इस हाई-प्रोफाइल मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख सकती है।
सीबीआई की जांच के मुताबिक, इंद्राणी मुखर्जी, पीटर मुखर्जी, संजीव खन्ना और ड्राइवर श्यामवर राय ने मिलकर इंद्राणी की पहली शादी से हुई बेटी शीना बोरा के अपहरण और हत्या की साजिश रची थी। एजेंसी का आरोप है कि 24 अप्रैल 2012 को इंद्राणी, संजीव और ड्राइवर राय ने एक कार में शीना का अपहरण किया, कार में ही उसे नशीला पदार्थ दिया गया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के इरादे से शव को रायगढ़ जिले के पेन इलाके के जंगल में ठिकाने लगाया गया था। इस मामले का खुलासा अगस्त 2015 में हुआ था, जब खार पुलिस अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार ड्राइवर श्यामवर राय से पूछताछ कर रही थी। राय के इकबालिया बयान के बाद पुलिस ने इंद्राणी और संजीव खन्ना को गिरफ्तार किया, नवंबर 2015 में तीनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई और पीटर मुखर्जी को भी हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बाद में यह केस सीबीआई को सौंपा गया, जहां श्यामवर राय सरकारी गवाह बन गया।
जनवरी 2017 में विशेष अदालत ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश और पुलिस को गुमराह करने के आरोप तय किए थे। इंद्राणी और संजीव खन्ना पर इंद्राणी के बेटे मिखाइल बोरा की हत्या की कोशिश करने का आरोप भी लगा, जबकि पीटर मुखर्जी को इस आरोप से अलग रखा गया। सभी आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताया है। सीबीआई ने हत्या के पीछे सबसे बड़ी वजह पीटर के बेटे राहुल मुखर्जी और शीना के प्रेम संबंधों को बताया था। एजेंसी का दावा था कि पीटर और इंद्राणी इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन दोनों ने सगाई कर ली थी और 2012 में शादी करने वाले थे। मुकदमे के दौरान अक्टूबर 2019 में जेल में रहते हुए ही इंद्राणी और पीटर ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया। मार्च 2020 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने पीटर मुखर्जी को जमानत दी, और मई 2022 में सुप्रीम कोर्ट से इंद्राणी मुखर्जी को भी जमानत मिल गई। दिसंबर 2021 में इंद्राणी ने सीबीआई को पत्र लिखकर दावा किया था कि शीना बोरा जिंदा है और कश्मीर में रह रही है, जिसे सीबीआई ने खारिज कर दिया था।
