जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी लतीफ भट मारा गया। मुठभेड़ स्थल से उसका शव और एक हथियार बरामद किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश पोस्ट किया, जिसने ध्यान खींचा। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "बधाई हो साथियों। कुछ पकवान ठंडे परोसे जाने पर ही सबसे अच्छे लगते हैं, भले ही मौसम ठंडा हो।" अपने संदेश में उन्होंने सीधे तौर पर मुठभेड़ या आतंकी लतीफ भट का जिक्र नहीं किया।
ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सुबह सुरक्षा बलों ने आतंकी को वीडियो कॉल भी किया था और अधिकारियों ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा था। सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, "हम तुम्हारे साथ हैं।" हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा कि मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है और मैं बहुत खुश हूं। उसे बार-बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने मना कर दिया।
भट का साथी उमर निसार डार इससे पहले सोमवार को कुलगाम में हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था। निसार और लतीफ 11 नवंबर को सीआरपीएफ की एक चौकी पर हुए हमले में शामिल थे।
