लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों संगठनों को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताया। राहुल गांधी का कहना है कि इन संगठनों को भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की कोई समझ नहीं है।

अपनी पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा कि जैसे-जैसे वह भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को गहराई से समझते जा रहे हैं, यह बात उतनी ही साफ होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी हैं और उन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल समझ नहीं है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने एलिफेंटा की गुफाओं में बनी भगवान शिव और माता पार्वती की संयुक्त प्रतिमा की तस्वीर भी साझा की, जिसे अर्धनारीश्वर स्वरूप के रूप में जाना जाता है।

अर्धनारीश्वर हिंदू धर्म में भगवान शिव और माता पार्वती का संयुक्त स्वरूप है, जिसमें एक ही प्रतिमा में आधा पुरुष और आधा स्त्री रूप दिखाया जाता है। इस स्वरूप में शिव और शक्ति को एक साथ दर्शाया गया है। राहुल गांधी के इस पोस्ट का संदर्भ भारतीय धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं में स्त्री-पुरुष के संबंधों से जुड़ा है।

बता दें कि राहुल गांधी पिछले सप्ताह अपनी मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने अपने माता-पिता के रिश्ते का जिक्र किया था। इस बयान पर विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने मंगलवार को एक और पोस्ट कर भाजपा और आरएसएस के समर्थकों पर टिप्पणी की थी। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भी राहुल गांधी के बयान पर निशाना साधा था।