पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत दौरे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को लेकर अपना रुख साफ नहीं करता और यह भरोसा नहीं देता कि वह किसी भी सूरत में आतंकवाद को बढ़ावा नहीं देगा या आतंकियों को पनाह नहीं देगा, तब तक उसके साथ किसी तरह की बातचीत का कोई औचित्य नहीं है।

इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति ने पाकिस्तान की जमीन पर खड़े होकर सिंधु जल संधि को लेकर भड़काऊ और बेतुके बयान दिए, उसी की भारत में मेहमाननवाजी की जा रही है। उन्होंने इसे देश के साथ मजाक करार दिया। यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत आए हैं।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने भी पाकिस्तानी मंत्री के भारत दौरे को लेकर पीएम मोदी से जवाब मांगा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या पाकिस्तान के खिलाफ चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है या सरकार ने इसे रोक दिया है? उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने पहले कहा था कि भारत की लड़ाई जारी रहेगी और अगर कोई घटना होती है तो ऑपरेशन सिंदूर भी जारी रहेगा। ऐसे में प्रधानमंत्री को देश के सामने साफ करना चाहिए कि इस अभियान की मौजूदा स्थिति क्या है। चव्हाण ने कहा कि हाल ही में एक हमला हुआ है और आतंकवाद अभी खत्म नहीं हुआ है, इसके बावजूद पाकिस्तान के मंत्री भारत आ रहे हैं और सरकार उनके साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर शामिल हो रही है।

दरअसल, पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने भारत आए हैं। वह इस कार्यक्रम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इस दौरे को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि तीन साल बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है। भारत इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। शुक्रवार शाम को ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया था, जिसमें पाकिस्तान सहित एससीओ के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे। फोरम में अपने संबोधन के दौरान मलिक ने पुराना किला और उसके ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए मुगल शासक हुमायूं और शेरशाह सूरी का नाम लिया और कहा कि एक ही किले की दीवारों में दो प्रतिद्वंद्वी शासकों और इतिहास की दो अलग-अलग परतों की कहानी छिपी है।