देश की सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का स्थापना दिवस यानी रेजिंग डे समारोह इस बार मणिपुर के चुराचांदपुर में आयोजित होगा। एक दिसंबर को होने वाले इस समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर परेड की सलामी लेंगे। उल्लेखनीय है कि स्थापना दिवस समारोह की तिथि में पिछले वर्ष बदलाव किया गया था। पिछले साल यह कार्यक्रम 21 नवंबर को गुजरात के भुज में हुआ था, जहां गृह मंत्री शाह ने परेड की सलामी ली थी।
चुराचांदपुर और राज्य के अन्य हिस्सों में सुरक्षा की नाजुक स्थिति के बीच समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों की ड्यूटी लगाई जा रही है। खासतौर पर चुराचांदपुर में, जो कई वर्षों से हिंसक घटनाओं की चपेट में रहा है, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं। बीएसएफ के शीर्ष अधिकारियों की एक टीम ने इस क्षेत्र का दौरा किया है।
इस संवेदनशील इलाके में परेड में हिस्सा लेने के लिए बीएसएफ के हजारों जवानों को भेजा गया है। रेजिंग डे परेड में जवानों के अलावा बल का ऊंट दस्ता, घोड़े, स्निफर डॉग और तोपखाना (आर्टिलरी) भी चुराचांदपुर ले जाया गया है। बल की कई अन्य टुकड़ियां भी वहां तैनात की गई हैं। सूत्रों ने बताया कि ट्रेनिंग और ऑपरेशनल क्षेत्रों के जवानों को भी मणिपुर में तैनात किया गया है। बीएसएफ ने मणिपुर में सफल और सुरक्षित रेजिंग डे के लिए अपना पूरा तंत्र लगा दिया है।
बता दें कि 2024 में बीएसएफ का 60वां स्थापना दिवस पाकिस्तान से लगते रेगिस्तानी प्रांत राजस्थान के जोधपुर में आठ दिसंबर को मनाया गया था, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भव्य परेड की सलामी ली थी। इससे पहले 59वां स्थापना दिवस समारोह झारखंड के हजारीबाग में आयोजित किया गया था। पहले सभी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के स्थापना दिवस पर होने वाली परेड दिल्ली एनसीआर में ही आयोजित होती थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि केंद्र सरकार ने अब ऐसे कार्यक्रम देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित करने का निर्णय लिया है, ताकि देश और सीमाओं की सुरक्षा में लगे केंद्रीय बलों एवं आम जनता के बीच आत्मीयता का संबंध स्थापित हो। वर्ष 2022 में यह समारोह अमृतसर में मनाया गया था। यह दूसरा अवसर था जब बीएसएफ की रेजिंग डे परेड दिल्ली से बाहर आयोजित की गई थी।