कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 'कॉकरोच क्लब' की शुरुआत की है। पार्टी नेता आशुतोष रांका ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि क्लब की शुरुआत हो चुकी है और पूरा एपिसोड जल्द ही जारी किया जाएगा। रांका ने अपने एक्स हैंडल पर 11 तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें कलाकार प्रस्तुति देते और दर्शक नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में रांका और सौरव दास स्टेज पर दिखाई देते हैं, जिसमें सौरव माइक पर बोल रहे हैं। अन्य तस्वीरों में अजिंक्य शिंदे और CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह के साथ स्टैंड अप कॉमेडियन मराठी कपिल भी देखे जा सकते हैं।
हालांकि, इन तस्वीरों में CJP के मुखिया अभिजीत दीपके कहीं नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्होंने इस कार्यक्रम में भाग नहीं लिया।
पार्टी के अनुसार, इस क्लब में कॉमेडी, व्यंग्य और बौद्धिक चर्चाओं के जरिए महात्मा गांधी की विचारधारा और देश में उनके योगदान के बारे में युवाओं, खासकर जेन-जी को जानकारी दी जाएगी और जागरूकता फैलाई जाएगी। पार्टी का कहना है कि इस पहल का मकसद गांधीजी के विचारों को पारंपरिक चर्चाओं से बाहर निकालकर युवा पीढ़ी से जोड़ने वाले रूप में पेश करना है।
पार्टी ने बताया था कि पहले कदम के तौर पर शनिवार (21 नवंबर) को पुणे में 'लिगेसी ऑफ बापू' का पहला कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और इसी कार्यक्रम के साथ 'कॉकरोच क्लब' की भी शुरुआत होगी।
