भारत के राफेल लड़ाकू विमानों को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय वायुसेना के पास राफेल विमानों की संख्या कम हो गई है। भारत ने फ्रांस से 36 राफेल विमान खरीदे थे। मैगजीन के मुताबिक, फिलहाल भारतीय वायुसेना के पास केवल 32 राफेल विमान ऑपरेशनल हैं। ऑपरेशन सिंदूर में सेवा दे चुके रिटायर वाइस एयर चीफ नर्मदेश्वर तिवारी ने इस रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैगजीन को अपने सोर्स दोबारा जांचने की जरूरत है।
तिवारी ने कहा कि यह वही मैगजीन है जिसने ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपनी रिपोर्ट में 35 सक्रिय राफेल विमानों का जिक्र किया था। उन्होंने यह भी कहा कि मैगजीन ने जिस विमान के गिराए जाने का कथित तौर पर दावा किया था, उसका टेल नंबर कई युद्धाभ्यासों में हिस्सा ले चुका है। मैगजीन ने अपनी जानकारी के नीचे एक नोट भी लगाया है, जिसमें कहा गया है कि दी गई जानकारी में गलती होने पर उसकी कोई कानूनी जिम्मेदारी नहीं होगी। राफेल की संख्या को लेकर किसी स्त्रोत की जानकारी भी नहीं दी गई है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान लगातार भारतीय विमानों को गिराने का दावा करता रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इस तरह के दावे करते रहे हैं। एक सोशल मीडिया अकाउंट ने दावा किया है कि मैगजीन ने इस रिपोर्ट के लिए पाकिस्तान समर्थक पत्रकार एलन वॉर्न्स की रिपोर्टिंग का सहारा लिया है। वॉर्न्स पर यह भी दावा किया जाता है कि पाकिस्तानी वायुसेना ने उन्हें प्रोपोगेंडा फैलाने के लिए भुगतान किया था। वॉर्न्स ने अपनी रिपोर्ट में चार राफेल विमान गिरने का दावा करते हुए टेल नंबर भी गिनाए थे, लेकिन गणतंत्र दिवस के फ्लाईपास्ट में उनमें से एक विमान के उड़ान भरने से यह दावा झूठा साबित हुआ।
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के दावे झूठे साबित हुए हों। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने भारतीय महिला पायलट शिवांगी सिंह का जेट गिराने और उन्हें बंदी बनाने का दावा किया था, लेकिन राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के साथ उनकी तस्वीर सामने आने पर यह दावा खारिज हो गया। इसी तरह भारत के एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट करने के दावे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसी सिस्टम के सामने की तस्वीरें साझा की थीं। विशेषज्ञों के मुताबिक, भारतीय वायुसेना ने डिकॉय प्लेन्स का इस्तेमाल किया था, जिन्हें गिराकर पाकिस्तान भारतीय फाइटर जेट गिराने का दावा करता रहा है।
