पंजाब में भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राज्य के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा को तलब किया है। अधिकारियों के मुताबिक, सिन्हा से 26 नवंबर को ईडी के सामने पेश होने को कहा गया है। सिन्हा 1992 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं और वित्त विभाग के प्रमुख सचिव भी हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह जांच भ्रष्टाचार के आरोपों और सार्वजनिक खजाने को हुए भारी नुकसान से जुड़ी है।

इससे पहले ईडी ने भाजपा के राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू को पूछताछ के लिए तलब किया था। संधू (57) चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं, जो मोहाली स्थित एक निजी विश्वविद्यालय है। अधिकारियों के अनुसार, संधू को पहले 12 नवंबर को पेश होने के लिए समन भेजा गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए, जिसके बाद अब उन्हें 25 नवंबर को तलब किया गया है। सांसद की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

अधिकारियों के मुताबिक, यह जांच 'व्यूनाउ' नामक कंपनी से जुड़ी है। आरोप है कि कंपनी ने करोड़ों रुपये के 'क्लाउड पार्टिकल घोटाले' को अंजाम दिया और आरोपियों ने आम लोगों की मेहनत की कमाई हड़प ली। ईडी का आरोप है कि संधू से जुड़ी कुछ इकाइयों को व्यूनाउ समूह की कंपनियों से कुछ धनराशि मिली थी। अधिकारियों ने बताया कि इन लेनदेन की प्रकृति और उद्देश्य का पता लगाने के लिए संधू को तलब किया गया है और मामले में उनकी कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है।

ईडी ने इस मामले में व्यूनाउ समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और संस्थापक सुखविंदर सिंह खारौर तथा उनकी पत्नी डिंपल खारौर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी 2024 से धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत इस मामले की जांच कर रही है।