बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेट्रोवा-चामोवा ने नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। उन्होंने काला सागर में जारी संघर्ष और तनाव के दीर्घकालिक समाधान के भारत के प्रयासों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष से भारतीय चालक दल के सदस्य भी प्रभावित हुए हैं और बुल्गारिया ने उनकी सुरक्षा तथा खोज एवं बचाव अभियान के लिए अपनी ओर से प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि बुल्गारिया काला सागर की सुरक्षा स्थिति सुधारने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करना चाहता है।

बैठक में भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर भी चर्चा हुई। पेट्रोवा-चामोवा ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि अब इसे जमीन पर उतारने और लागू करने की दिशा में काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बुल्गारिया की भौगोलिक स्थिति उसे यूरोप के प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण बनाती है, और इस समझौते से भारतीय तथा यूरोपीय कंपनियों के बीच नए कारोबारी संबंध विकसित हो सकते हैं।

बुल्गारिया की विदेश मंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और अंतरिक्ष अन्वेषण जैसे क्षेत्रों में भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि आर्थिक और तकनीकी सहयोग आगे बढ़ाने के लिए भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल जल्द बुल्गारिया का दौरा करेगा।

एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि व्यापार, कनेक्टिविटी, निवेश, तकनीक, सुरक्षा और प्रतिभा के आवागमन समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने भारत-यूरोपीय संघ एफटीए को प्रभावी बनाने के लिए कारोबारी समुदायों के बीच सक्रिय बातचीत पर सहमति जताई। भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) और अन्य कनेक्टिविटी परियोजनाओं की संभावनाओं पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। जयशंकर ने काला सागर की स्थिति और यूक्रेन संघर्ष पर हुई चर्चा को भी महत्वपूर्ण बताया।

पेट्रोवा-चामोवा 20 से 22 नवंबर तक तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत आई हैं। उन्होंने कहा कि 17 साल बाद बुल्गारिया के विदेश मंत्री ने भारत का दौरा किया है, और इस साल दोनों देशों ने पुराने अंतराल को खत्म करते हुए द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने की दिशा में कदम उठाए हैं। इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, तकनीक, सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना है।