झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम से झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक के उत्तराधिकारी की नियुक्ति के लिए जल्द सिफारिश करने का आग्रह किया है। सोनक 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
सीजेआई और कॉलेजियम के न्यायाधीशों को लिखे पत्र में सोरेन ने कहा कि लंबे समय तक अंतरिम व्यवस्था बने रहने से न्यायिक व्यवस्था में अनिश्चितता पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि बार-बार नेतृत्व में बदलाव से हाईकोर्ट के प्रशासनिक कामकाज की निरंतरता और संस्थागत योजनाएं प्रभावित होती हैं।
मुख्यमंत्री ने न्याय व्यवस्था में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में स्थायी न्यायिक नेतृत्व की जरूरत पर भी जोर दिया। पत्र में उन्होंने कहा कि कॉलेजियम की ओर से तत्काल कदम नहीं उठाए जाने पर झारखंड हाईकोर्ट को एक बार फिर अंतरिम कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की व्यवस्था का सामना करना पड़ सकता है।
सोरेन ने उम्मीद जताई कि कॉलेजियम इस बात से सहमत होगा कि मुख्य न्यायाधीश का पद किसी भी हाईकोर्ट के प्रशासनिक और न्यायिक कामकाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।