मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में एक अहम पड़ाव पार हुआ है। रेल मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि 508 किलोमीटर लंबे हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम चालू कर दिया गया है। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में दोनों दिशाओं की रेल लाइनें शामिल हैं। मंत्रालय के मुताबिक, इस कदम से परियोजना को आगे के ट्रायल की दिशा में बढ़ाने में मदद मिलेगी। हालांकि, बिजली सप्लाई शुरू होने का अर्थ यह नहीं है कि इस सेक्शन पर बुलेट ट्रेन का परिचालन भी शुरू हो जाएगा। इसके लिए अभी कई तकनीकी प्रक्रियाएं और ट्रायल बाकी हैं।

मंत्रालय ने बताया कि पूरे कॉरिडोर में बिजली सप्लाई की व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी। इसके लिए छोटे-छोटे हिस्सों में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम चालू किया जाएगा और तकनीकी टीमें इस पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखेंगी, ताकि सुरक्षा नियमों और तय प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित हो सके। इस सेक्शन के आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए सार्वजनिक सुरक्षा एडवाइजरी भी जारी की गई है, जिसमें ओवरहेड बिजली लाइनों और अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरणों के पास न जाने की सलाह दी गई है।

कॉरिडोर में आधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है, जैसा दुनिया के कई देशों में हाईस्पीड रेल नेटवर्क के लिए इस्तेमाल होता है। पूरे 508 किलोमीटर के लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए गए हैं, जो राष्ट्रीय बिजली ग्रिड से बिजली लेकर ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम तक पहुंचाएंगे। पूरे बिजली नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। सूरत-बिलीमोरा सेक्शन करीब 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक है, जिसमें 4 नदियों पर बने पुल और नेशनल हाईवे-53 के ऊपर एक स्टील ब्रिज शामिल है। ट्रेन की आवाज के असर को कम करने के लिए इस सेक्शन के वायाडक्ट पर करीब 94 हजार नॉइज बैरियर लगाए गए हैं।

इस बीच, परियोजना के परिचालन की समयसीमा में भी बदलाव हुआ है। रेल मंत्रालय ने हाल ही में सूरत से वापी के बीच 100 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने की समयसीमा अगस्त 2027 से बढ़ाकर 2027 की आखिरी तिमाही कर दी है। यानी अब इस हिस्से पर परिचालन अक्टूबर से दिसंबर 2027 के बीच शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।