पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे हत्या के आरोपी मंदार मारुति किवले पर धारदार हथियारों से हमला हुआ, जिसमें उसके दोनों हाथ कट गए। पुलिस के मुताबिक, छह लोगों ने उस पर हमला किया और हमलावर दो स्कूटर से फरार हो गए। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें दो लोग मंदार पर बार-बार कुल्हाड़ी से हमला करते दिख रहे हैं। खून से लथपथ मंदार लड़खड़ाते हुए सड़क पार करने के बाद फुटपाथ पर गिर पड़ा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज जारी है। पुलिस को मौके से दो पिस्टल और एक मैगजीन मिली है।

पुलिस के मुताबिक, मंदार किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज इलाके में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। यह हत्या जमीन और पैसों के विवाद में हुई थी। इस मामले में मंदार को जेल भेजा गया था और वह चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस को आशंका है कि मंदार पर हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया।

पुणे सिटी पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मी घायल को ससून अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बताया है कि मंदार के शरीर पर धारदार हथियार से चोटें हैं, लेकिन गोली लगने के निशान नहीं मिले हैं। पुणे DCP (क्राइम) गौहर हसन ने बताया कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें जुटी हैं।

घटना के बाद कांग्रेस और NCP (SP) ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को निशाने पर लिया। फडणवीस के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने सोशल मीडिया पर कहा कि पुणे में अपराध की घटनाएं हद पार कर चुकी हैं और अब अदालत के बाहर भी अपराधी खुलेआम हमला कर रहे हैं। NCP (SP) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने भी कहा कि अपराधियों में कानून का डर नहीं दिख रहा है और फडणवीस से सक्रिय कदम उठाने की मांग की।