गुरुग्राम के ईएसआईसी अस्पताल में एक महिला के ऑपरेशन के दौरान गर्भाशय में गाउन और तौलिया छोड़े जाने के मामले में 24 दिन बाद भी जांच शुरू नहीं हो सकी है। सीएमओ की ओर से जांच कमेटी बनाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक यह सिर्फ कागजों पर ही है। अब सात सदस्यीय कमेटी के गठन की बात कही गई है।
शीतला कॉलोनी निवासी मंजू पांच माह की गर्भवती थीं। गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद परिजन उन्हें ईएसआईसी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकों ने दवा देकर शिशु को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन नाल बाहर नहीं निकलने के कारण आपरेशन करना पड़ा। इसके बाद भी महिला को रक्तस्राव होता रहा। हालत गंभीर होने पर उन्हें पार्क अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के दौरान मेडिकल बोर्ड को गर्भाशय के अंदर खून से सना गाउन और हाथ पोंछने वाला तौलिया मिला। इसके बाद उपचार में लापरवाही के आरोपों ने अस्पताल की चिकित्सकीय प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए। महिला के पति ने पुलिस को शिकायत देकर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है।
सीएमओ ने घटना के तत्काल बाद जांच कमेटी बनाने के निर्देश दिए थे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट लीक होने की जांच के लिए भी उसी दिन कमेटी गठित करने को कहा गया था। अब 24 दिन बाद सात सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है, जो मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट देगी। सीएमओ डॉ वीरेंद्र बसवाना के अनुसार कमेटी जल्द रिपोर्ट सौंपेगी और रिपोर्ट के आधार पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
