नई दिल्ली के पुराने किले में आयोजित पहले SCO सिविलाइजेशनल डॉयलॉग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया में शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक संबंध ही हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय हो रहा है जब पूरी दुनिया युद्ध और अशांति से प्रभावित है। इस कार्यक्रम में SCO देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें पाकिस्तान से शहबाज सरकार के मंत्री भी शामिल हुए।
पीएम मोदी ने SCO के 25 साल पूरे होने का जिक्र करते हुए कहा कि संगठन सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में मजबूती से आगे बढ़ रहा है और यह सम्मेलन इन क्षेत्रों को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि पुराने किले का सांस्कृतिक महत्व बहुत अधिक है। इतिहासकारों के मुताबिक इसका महत्व हजारों साल पुराना है, जिसमें वैदिक काल से लेकर बौद्ध धर्म तक की झलक है। यह विरासत राजनीतिक सीमाओं से परे लोगों को आपस में जोड़ती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि व्यापार के रास्तों से विचारक भी एक जगह से दूसरी जगह गए। बौद्ध भिक्षुओं ने गांधार के रास्ते चीन जाकर बौद्ध धर्म का विचार फैलाया, जबकि हेनसांग और फाह्यान जैसे यात्री भारत आए। उन्होंने कहा कि साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे बदले, लेकिन सिविलाइजेशनल डॉयलॉग ने दुनिया के विचार बदले हैं।
पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि यह डॉयलॉग फोरम दुनिया को नया ज्ञान देने का मंच बन सकता है। उन्होंने पंचतंत्र, रामायण और सूफी परंपरा से जुड़ी कव्वाली का उदाहरण देते हुए कहा कि ज्ञान जिस भी स्वरूप में हो, प्रकाश फैलाता है। उन्होंने कहा कि आज के युग में सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने की संभावनाएं अधिक हैं और एआई की मदद से सांस्कृतिक विरासत को युवाओं तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने वसुधैव कुटुम्बकम की भावना और भारत की विविधता का जिक्र करते हुए कहा कि हम आपसी सद्भाव को वैश्विक कल्याण का आधार मानते हैं।
