प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया है कि देश में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। रविवार को गुजरात में भाजपा कार्यकर्ताओं के दिवाली स्नेह मिलन कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधन में उन्होंने यह बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग इस उपलब्धि को स्वीकार करने में हिचक रहे हैं, क्योंकि यह मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुई है। उनका इशारा विपक्ष की ओर था।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में अत्यधिक गरीबी की दर 2011 में 27.1 प्रतिशत थी, जो 2023 में घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई। इस दौरान अनुमानित 49.6 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए। मोदी ने इसे 50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि हजार साल की गुलामी ने देश को आर्थिक रूप से कमजोर किया था, ऐसे में यह बहुत बड़ी उपलब्धि है।
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की नीयत, नीति और दिशा सही थी और मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ी गई। उन्होंने इसे नागरिकों के जीवन में नए अध्याय की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां देश का स्वर्णिम काल देखेंगी।
भाजपा ने गुजरात की सभी 182 विधानसभा सीटों पर दिवाली के बाद स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया था और प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने घाटलोडिया विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। पीएम मोदी ने अक्तूबर 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के 25 साल पूरे होने का भी जिक्र किया और कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों के योगदान को याद किया।