प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर ब्लॉग लिखकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। मोदी ने लिखा कि संविधान निर्माता, खासकर डॉ. भीमराव आंबेडकर इसके पूरी तरह खिलाफ थे।

नारी शक्ति वंदन बिल का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि विपक्ष के एक प्रमुख दल ने महिलाओं को आरक्षण देने के लिए लाए गए विधेयक को पारित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि इससे साफ हो गया कि उस दल के मन में संवैधानिक मूल्यों के प्रति कितना कम सम्मान है। मोदी ने भरोसा दिलाया कि नारीशक्ति को न्याय दिलाने का संकल्प नहीं रुकेगा।

ब्लॉग में मोदी ने नक्सलवाद का भी जिक्र किया और कहा कि दशकों तक आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को संविधान से मिले अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि इस साल नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें विशेष संतोष मिला है। पीएम ने 1951 के पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान हुए 42वें संशोधन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इनसे संविधान कमजोर हुआ। उन्होंने कहा कि तब की सरकारों ने चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल किया और एक राजनीतिक दल के नाम इस अनुच्छेद के करीब 100 बार इस्तेमाल का रिकॉर्ड है।

पीएम ने कहा कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता का जिक्र करते हुए कहा कि नई व्यवस्था में दंड के बजाय नागरिक और न्याय को महत्व दिया गया है। इनके अलावा सरकार लोकसभा सीटें बढ़ाकर 850 करने की तैयारी कर रही है, जो परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा बदलाव है। इससे पहले 15 से 17 अप्रैल तक बुलाए गए संसद के विशेष सत्र में इन बिलों पर चर्चा हुई थी, लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत न मिलने से बिल पारित नहीं हो सके। उस दौरान पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे, जबकि पारित होने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। इधर, पीएम मोदी ने मंत्रियों से 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारी पूरी करने को कहा है और सत्र से पहले विदेश यात्रा से बचने की सलाह दी है। सत्र की तारीख और अवधि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति तय करेगी।