केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की एक-एक दिन की बैठक बुलाई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को होगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को X पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक खत्म हो सकती है।

दोनों सदनों की बैठकों में सरकार परिसीमन-महिला आरक्षण बिल ला सकती है। महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधायक पर चर्चा है और इसे लेकर संसद का विशेष या विस्तारित सत्र बुलाए जाने की अटकलें थीं। ऐसे में दोनों सदनों की बैठक बुलाए जाने को इस विधेयक से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, सरकार ने अभी तक बैठक के एजेंडे में इस विधेयक को शामिल करने की पुष्टि नहीं की है।

सरकार के पास बिल पास कराने के लिए लोकसभा में 41 और राज्यसभा में 11 सांसद कम हैं। लोकसभा में NDA के साथ 319 सांसद हैं और 3 सीटें खाली हैं, यानी अधिकतम 540 सांसद बिल पर वोटिंग करेंगे। इस हिसाब से दो-तिहाई के 360 के आंकड़े से NDA अभी 41 वोट पीछे है। राज्यसभा में NDA के साथ 151 सांसद हैं और 243 सांसद वोट करेंगे, इस हिसाब से दो-तिहाई के 162 के आंकड़े से NDA अभी 11 वोट पीछे है।

इस बीच शुक्रवार दोपहर केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होगी, जबकि शाम 4.30 बजे सत्र की रणनीति को लेकर कांग्रेस की बैठक होगी। उल्लेखनीय है कि लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी और 103 दिन बाद भी मानसून सत्र औपचारिक रूप से खत्म नहीं हुआ था। मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था। इससे पहले 2008 में संसद का सत्र 87 दिन तक बिना औपचारिक समापन के रहा था।