भाजपा ने आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संविधान गौरव दिवस मनाया। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा सांसद बांसुरी समेत कई अन्य नेता शामिल हुए। गृह मंत्री शाह ने संविधान के लिए बलिदान देने वाले सपूतों को नमन करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ लोग संविधान की किताब जेब में रखते हैं और सरेआम उसे लहराते हैं, लेकिन इसे पढ़ना भी जरूरी है।

शाह ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश की एक नई यात्रा शुरू हुई। 1857 से 1947 तक चले 90 वर्षों के लंबे स्वतंत्रता संग्राम में अनगिनत बलिदान हुए और कई स्वतंत्रता सेनानियों ने हंसते-हंसते मां भारती को आजाद कराने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। कई लोगों ने अपना घर-बार, व्यापार, करियर और पढ़ाई-लिखाई छोड़कर देश को आजाद कराने के लिए अथक प्रयास किए।

गृह मंत्री ने कहा कि 2014 में केंद्र में सरकार बनने के बाद संविधान गौरव दिवस मनाने का फैसला किया गया, जिसका मकसद संविधान की भावना को देश के लोगों तक पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद संविधान को सिर्फ सरकार चलाने वाली किताब के तौर पर देखने की कोशिश हुई और इसके मूल विचारों को किशोरों, युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उनके अनुसार, 2015 से हर साल 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मनाया जाता है ताकि संविधान के सर्वोच्च मूल्य स्कूलों, कॉलेजों और प्रत्येक नागरिक तक पहुंच सकें।

शाह ने कहा कि संविधान नागरिकों को अपनी सरकार चुनने का अधिकार देता है और सत्ता में बैठे लोगों के लिए यह जरूरी करता है कि वे संविधान की निर्धारित सीमाओं के भीतर रहकर सरकार चलाएं। उन्होंने कहा कि बीते 80 वर्षों में लोगों ने साबित किया है कि भारत की सभ्यता में हजारों साल से लोकतांत्रिक मूल्य मौजूद रहे हैं, जो अब संविधान के अनुच्छेदों के रूप में सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान केवल किताब दिखाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसके तय मानकों पर एक व्यक्ति और एक राजनीतिक दल के तौर पर खरा उतरना चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि लोकतंत्र की पवित्र भूमि बिहार में संविधान गौरव दिवस मनाने का मौका मिलना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जब भी लोकतंत्र और संविधान की बात आती है, देश की निगाहें बिहार पर टिक जाती हैं और लोकतंत्र को आवाज और ताकत देने में बिहार की हमेशा अग्रणी भूमिका रही है।