समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान ने गुरुवार, 26 नवंबर को लखनऊ में पार्टी के 2027 विधानसभा चुनाव के मैनिफ़ेस्टो के विमोचन के मौक़े पर कहा कि कभी-कभी उनका मन करता था कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी छह महीने जेल में रहें, ताकि उन्हें अंदाज़ा हो सके कि जेल में दिन और रातें कैसे बीतती हैं। उन्होंने बताया कि जेल में अपने बेटे अब्दुल्ला और अन्य लोगों से वह यह बात कहा करते थे।

आज़म ख़ान ने कहा कि लोग काफ़ी निराश और भयभीत हैं। मैनिफ़ेस्टो का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह ऐसी शमा है जिसकी रोशनी से हर दिल का अंधेरा दूर हो जाए। उन्होंने समाजवादी पार्टी और मुलायम सिंह यादव के परिवार के साथ अपने पांच दशक पुराने रिश्ते का ज़िक्र किया और अखिलेश यादव के नेतृत्व पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश बार-बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे और राष्ट्रीय राजनीति में भी आगे बढ़ेंगे। पार्टी को वोट जोड़ने वाली पार्टी बताते हुए उन्होंने कहा, "हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं।"

अपने जेल अनुभवों पर आज़म ख़ान ने कहा कि वहां बिताए समय ने उनके दिल, दिमाग़ और शरीर पर गहरा असर डाला है। उन्होंने कहा कि वह एक अधूरे इंसान के रूप में लोगों के सामने खड़े हैं और अगर उनसे कोई ग़लती हो जाए तो लोग उन्हें माफ़ कर दें। बता दें कि आज़म ख़ान 18 नवंबर 2026 को ग़ाज़ियाबाद की डासना जेल से बाहर आए थे, जब उन्हें इलाहाबाद हाई कोर्ट से मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में अंतरिम ज़मानत मिली थी। यह मामला रामपुर में उनकी ओर से स्थापित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट के कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय इस मामले में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग, ज़मीन से जुड़े लेन-देन और यूनिवर्सिटी के निर्माण में वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रहा है।

मैनिफ़ेस्टो जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज संविधान को लेकर लड़ाई चल रही है। एक तरफ़ वे लोग हैं जो राजनीतिक सत्ता के लिए संविधान का दुरुपयोग करना चाहते हैं, और दूसरी तरफ़ पीडीए समुदाय के लोग हैं जो संविधान की सामाजिक न्याय की सोच पर आधारित व्यवस्था चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए समुदाय के लोग एकजुट हो गए हैं ताकि संविधान में तथाकथित संशोधनों के नाम पर उसे कमज़ोर करने की किसी भी कोशिश को नाकाम किया जा सके। बीजेपी के पुराने नारे पर तंज़ करते हुए उन्होंने कहा, "अच्छे दिन आए नहीं, बुरे दिन जाने वाले हैं।" पार्टी ने मैनिफ़ेस्टो को 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' और 'जन-मन का मैनिफ़ेस्टो 2027' नाम दिया है। इसमें पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां, बेरोज़गार ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये, किसानों के लिए कर्ज़माफ़ी, महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये की मदद और पांच रुपये में भोजन देने वाली समाजवादी कैंटीन खोलने जैसे वादे शामिल हैं।