बच्चों का बात-बात पर रोना, चिल्लाना और जिद करना कई माता-पिता के लिए परेशानी का कारण बनता है। ऐसे में पेरेंट्स के लिए जरूरी है कि वो खुद शांत रहें और बच्चों के व्यवहार को समझें। बच्चे अक्सर बोर होने पर या खाली समय में जिद करते हैं, ताकि वो कुछ भी डिमांड करने का कंट्रोल पा सकें।

पेरेंट्स को चाहिए कि बच्चों के सामने हर स्थिति में शांत बने रहें, क्योंकि बच्चे बड़ों की नकल करते हैं। उन्हें नरम लहजे में मना करने की वजह और उसका परिणाम बताएं, सिर्फ यह कहकर मना न करें कि मना किया है इसलिए नहीं करना। बच्चों के सामने उनकी पसंद की दो चीजें रखें, जिससे उन्हें लगे कि जिद करने का कंट्रोल उनके ही हाथ में है। साथ ही कोई काम भी जोड़ें, जैसे टॉय मिलने से पहले होमवर्क करना या टीवी देखने से पहले खाना खत्म करना।

बच्चों का दिनभर का एक रूटीन तय करें, चाहे वो स्कूल जाते हों या नहीं। इसमें छोटे-छोटे टास्क के साथ उनके लिए इनाम भी रखें। इसे क्रिएटिव तरीके से करने के लिए उनके कमरे में एक छोटा सा बोर्ड या टाइमटेबल भी लगा सकते हैं।

बच्चे अक्सर खाली समय में जिद करते हैं, इसलिए उनके लिए कुछ न कुछ क्रिएटिव तैयार रखें, जैसे पजल गेम, स्टोरी बुक, इंडोर या आउटडोर गेम्स। यह तरीका उन्हें अपनी किसी बात को मनवाने के बारे में सोचने का मौका ही नहीं देगा।