पैंक्रियाटिक कैंसर के इलाज में एक नई दवा को लेकर उम्मीद जगी है। विशेषज्ञ इसे इस जानलेवा बीमारी के इलाज में दशकों की सबसे बड़ी प्रगति बता रहे हैं। यह रोज़ाना ली जाने वाली गोली है, जिसका नाम डारैक्सोनरासिब है और यह शुरुआती मेडिकल परीक्षणों में कुछ मरीजों के ट्यूमर को छोटा करने और संभवतः पूरी तरह ख़त्म करने में मदद करती दिख रही है। कीमोथेरेपी के साथ यह दवा लेने वाले हर 12 में से एक मरीज के स्कैन में कैंसर का पता नहीं चला। परीक्षण में शामिल 61 मरीजों में से लगभग सभी के ट्यूमर का बढ़ना रुक गया। इन मरीजों को हाल ही में एडवांस्ड पैंक्रियाटिक कैंसर होने का पता चला था, जो शरीर के दूसरे हिस्सों तक फैल चुका था।
हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि दवा कितने समय तक बीमारी को नियंत्रित रख सकती है। इसे कैंसर का इलाज या पूरी तरह ठीक करने वाली दवा नहीं माना जाना चाहिए। कैंसर रिसर्च यूके ने इसे पैंक्रियाटिक कैंसर के मरीजों के लिए 'दशकों में सबसे बड़ी प्रगति' बताया है। संस्था के डॉक्टर सैम गॉडफ्रे ने कहा कि ये नतीजे बेहद उत्साहजनक हैं। उन्होंने कहा कि इस नई दवा ने उस चीज को दवा से नियंत्रित करने का तरीका खोज लिया है, जिसे अब तक दवा से नियंत्रित करना संभव नहीं माना जाता था।
पैंक्रियाटिक कैंसर का इलाज बेहद मुश्किल माना जाता है। ब्रिटेन में आम कैंसर के सभी प्रकारों में इसकी जीवित रहने की दर सबसे कम है। कीमोथेरेपी से ट्यूमर का आकार कुछ हद तक कम हो सकता है, लेकिन अक्सर कैंसर दोबारा बढ़ने लगता है। एडवांस्ड कैंसर से पीड़ित ज्यादातर मरीज कुछ महीने ही जीवित रहते हैं। डॉक्टरों को उम्मीद है कि नया इलाज मरीजों को अधिक समय दे सकता है, भले ही इससे कैंसर को हमेशा के लिए ख़त्म करना संभव न हो। इस परीक्षण में मरीजों पर औसतन डेढ़ साल तक नज़र रखी गई और इस दौरान कुछ मरीजों में कैंसर दोबारा नहीं लौटा।
अमेरिका के मेमोरियल स्लोन केटरिंग कैंसर सेंटर के डॉक्टर वुंगकी पार्क भी इस परीक्षण से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि अब तक के नतीजे बेहद उत्साहजनक हैं और बीमारी को नियंत्रित रखने की अवधि भी लगभग दोगुनी हो गई है। डारैक्सोनरासिब एक टारगेटेड इनहिबिटर दवा है, जिसे अमेरिका में पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। यह आरएएस नाम के कुछ म्यूटेशन पर असर करती है और उन्हें सक्रिय होने से रोकती है। ये म्यूटेशन ज़्यादातर पैंक्रियाटिक कैंसर में पाए जाते हैं और ट्यूमर के बढ़ने की वजह बनते हैं। फेफड़ों और ओवरी के कैंसर समेत कई अन्य प्रकार के कैंसर में भी इसी तरह के म्यूटेशन पाए जा सकते हैं, ऐसे में यह दवा दूसरे कैंसर के मरीजों के लिए भी मददगार हो सकती है। डॉक्टर गॉडफ्रे ने कहा कि लंबे समय तक चलने वाले परीक्षण और उनके नतीजे बेहद ज़रूरी हैं, क्योंकि कैंसर दोबारा लौट सकता है और स्कैन में इसके कोई संकेत नहीं दिखने का मतलब यह नहीं है कि मरीज पूरी तरह कैंसर मुक्त हो गया है।
यूरोप के एक कैंसर सम्मेलन ईओआरटीसी-एनसीआई-एएसीआर सिम्पोजियम 2026 की अध्यक्ष प्रोफ़ेसर एलेना गैराल्डा ने कहा कि ये नतीजे उत्साहजनक हैं, क्योंकि इनसे पता चलता है कि दोनों इलाजों का एक साथ इस्तेमाल मरीजों के कुल जीवनकाल को बढ़ा सकता है। इस सम्मेलन में डॉक्टरों के सामने इस शोध को पेश किया जा रहा है। अमेरिका में होने वाले कुल कैंसर मामलों में पैंक्रियाटिक कैंसर की हिस्सेदारी क़रीब 3 फीसदी है, वहीं कैंसर से होने वाली कुल मौतों में क़रीब 8 फीसदी मौतें इसी बीमारी के कारण होती हैं। हर साल इस बीमारी से करीब 53,000 लोगों की मौत होती है। कैंसर रिसर्च यूके के मुताबिक़, ब्रिटेन में हर साल पैंक्रियाटिक कैंसर के क़रीब 11,500 मामले सामने आते हैं और लगभग 10,200 लोगों की इससे मौत होती है। अभिनेता एलन रिकमैन की भी 2016 में इसी बीमारी से मौत हो गई थी। बीमारी का पता चलने के पांच मही
