बंगलूरू की स्ट्रैंड लाइफ साइंसेज ने ‘कैंसरस्पॉट’ नाम से एआई आधारित ब्लड टेस्ट तैयार किया है। कंपनी के अनुसार, इससे महज 20 मिलीलीटर खून के नमूने से 14 तरह के कैंसर के संकेतों का पता लगाया जा सकेगा। इस जांच का मकसद शरीर में कैंसर की आशंका को शुरुआती स्तर पर पकड़ना है, ताकि समय रहते आगे की जांच और इलाज की प्रक्रिया शुरू की जा सके। इससे मरीजों को बायोप्सी जैसी दर्दनाक और जटिल प्रक्रिया से शुरुआती स्तर पर राहत मिल सकती है।

कैंसरस्पॉट को विकसित करने के लिए चार साल तक ‘इमर्ज’ नाम से अध्ययन किया गया, जिसमें देशभर के 43 अस्पतालों से 1,480 लोगों के खून के नमूनों का विश्लेषण हुआ। इनमें कैंसर मरीजों के साथ स्वस्थ लोग भी शामिल थे। अध्ययन के निष्कर्षों के मुताबिक, स्वतंत्र जांच में इस टेस्ट ने कैंसर के 72 फीसदी मामलों की पहचान की, जबकि गलत परिणाम आने की दर महज 1.4 फीसदी रही। शोध के नतीजे अमेरिका की वैज्ञानिक पत्रिका प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज में प्रकाशित हुए हैं।

इस जांच की खासियत यह है कि एक ही रक्त नमूने से शरीर के अलग-अलग हिस्सों में होने वाले कैंसर के संकेत तलाशे जा सकते हैं। इसमें फेफड़े, लिवर, पेट, किडनी, ओवरी, आहार नली, यूरिनरी ब्लैडर, गर्भाशय, ब्रेस्ट और प्रोस्टेट कैंसर सहित कुल 14 तरह के कैंसर के संकेतों की पहचान करने की क्षमता बताई गई है। तकनीक के अनुसार, शरीर की कोशिकाएं खून में सेल-फ्री डीएनए के छोटे टुकड़े छोड़ती हैं; ट्यूमर बनने पर कैंसर कोशिकाओं के डीएनए में खास रासायनिक बदलाव दिखते हैं, जिन्हें उन्नत डीएनए सीक्वेंसिंग और एआई की मदद से पहचाना जाता है।

हालांकि, यह शुरुआती जांच है और इसका परिणाम कैंसर की अंतिम पुष्टि नहीं माना जाएगा। जरूरत पड़ने पर दूसरी जांच करानी होगी और डॉक्टर की सलाह अहम रहेगी। उम्मीद जताई गई है कि अगले एक से दो साल में इस तकनीक को देश के लगभग सभी बड़े अस्पतालों में लागू किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो कैंसर की शुरुआती जांच पहले के मुकाबले आसान और कम तकलीफदेह हो सकती है।