धार्मिक मामलों में एआई की सलाह और फ़तवों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। यह बहस 'क़ाफ़' नाम के एक इस्लामी एआई असिस्टेंट लॉन्च होने के बाद तेज़ हुई है, जिसे मुसलमानों को इस्लाम के बारे में जानने और सवाल पूछने में मदद के लिए बनाया गया है। इसके लॉन्च वीडियो को अब तक लाखों बार देखा जा चुका है। क़ाफ़ के एक्स पेज पर कई प्रतिक्रियाएं शेयर की गई हैं, जिनमें से एक में अल्लाह की नाराज़गी को लेकर चेतावनी दी गई है, जबकि दूसरी पोस्ट में मुसलमानों से यह ऐप डाउनलोड करने की अपील की गई है।

क़ाफ़ को बनाने वालों के मुताबिक़, यह "इस्लामी सवालों के जवाब देने के लिए एआई का इस्तेमाल करने वाला माध्यम" है। संस्थापक अब्दुल लतीफ़ अब्देल फ़तह ने लॉन्च वीडियो में कहा कि इसके जवाब आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस तैयार करता है और एआई से ग़लतियां हो सकती हैं। ऐप लॉन्च होने के कुछ दिन बाद उन्हें सफ़ाई देनी पड़ी। उन्होंने कहा कि क़ाफ़ को फ़तवे देने वाला माध्यम समझने को लेकर बड़ी ग़लतफ़हमी पैदा हो गई है। उनके मुताबिक़, एआई फ़तवा नहीं दे सकता और फ़तवा किसी योग्य धार्मिक विद्वान से ही लिया जाना चाहिए। फ़तवे से जुड़ा सवाल पूछे जाने पर स्क्रीन पर सावधान करने वाला संदेश दिखाई देता है।

क़ाफ़ का समर्थन करने वालों का कहना है कि एआई पहले ही लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बन चुका है और असली सवाल यह है कि इसका इस्तेमाल किस तरह किया जाए। मिस्र के धार्मिक मामलों के मंत्रालय के पूर्व उपमंत्री और अल-अज़हर यूनिवर्सिटी से जुड़े सलेम अब्देल गलील ने बीबीसी न्यूज़ अरबी से कहा कि एआई टूल का सबसे बेहतर इस्तेमाल वे लोग कर सकते हैं, जिनके पास धार्मिक और क़ानूनी जानकारी हो और जो सही और ग़लत के बीच अंतर कर सकें। उनके मुताबिक़, आम व्यक्ति इनसे सामान्य जानकारी हासिल कर सकता है, लेकिन धर्म से जुड़े फ़ैसले लेने या फ़तवे जारी करने के लिए इनका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

काहिरा में 'आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस के दौर में योग्य मुफ़्ती तैयार करना' नाम से हुए एक सम्मेलन में अल-अज़हर के ग्रैंड इमाम अहमद अल-तैयब की ओर से मोहम्मद अल-दुवैनी ने भाषण दिया। उन्होंने भी कहा कि मशीनें फ़तवा नहीं दे सकतीं, क्योंकि इसके लिए लोगों के स्वभाव और उनके हालात को समझने की क्षमता चाहिए। हालांकि, उन्होंने एआई के इस्तेमाल को "धार्मिक ज़रूरत" बताया। हमद बिन ख़लीफ़ा यूनिवर्सिटी में इस्लामी क़ानून और नैतिकता पर शोध करने वाले केंद्र के प्रोफ़ेसर सामेर रशवानी ने बीबीसी न्यूज़ अरबी को बताया कि जनरेटिव एआई तकनीक सामने आने के साथ कई अरब और मुस्लिम देशों ने इसकी अहमियत पहचानी थी और बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए थे। वह ख़ुद भी इस्लामी विषयों पर शोध करने वालों के लिए एक एआई टूल तैयार कर रहे हैं।