मल प्रत्यारोपण यानी फीकल माइक्रोबायोटा ट्रांसप्लांट में किसी स्वस्थ व्यक्ति का मल मरीज़ की बड़ी आंत में पहुंचाया जाता है। इसका मक़सद आंत में स्वस्थ सूक्ष्मजीवों का संतुलन बहाल करना होता है। 2013 में मेडिकल की पढ़ाई के चौथे साल में एडम फ़े क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल नाम के बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण का इलाज सीख रहे थे। यह संक्रमण पाचन तंत्र को गंभीर रूप से प्रभावित करता है और कई एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति स्वाभाविक रूप से प्रतिरोधी होता है। उनकी एक बुज़ुर्ग मरीज़ बार-बार इस संक्रमण से जूझ रही थीं और उन्हें मल प्रत्यारोपण की ज़रूरत थी। उस समय मल संग्रह करने वाले बैंक बहुत कम थे और मरीज़ के परिवार व दोस्त मल दान करने के लिए तैयार नहीं थे। आख़िरकार फ़े ने खुद मल दान करने का फ़ैसला किया।

फ़े ने बताया कि उस अहम दिन से एक रात पहले उन्होंने रात के खाने में बरिटो खाया। अगली सुबह उन्होंने अपने स्टूडेंट हॉस्टल के कमरे में मेडिकल ग्रेड के एक बर्तन में मल त्याग किया और नमक के घोल में भिगोई सूती मलमल के कपड़े से उसे छानकर तरल पदार्थ बोतल में इकट्ठा किया। कुछ घंटे बाद कोलोनोस्कोपी के दौरान फ़े का मल मरीज़ की आंतों में पहुंचाया गया। न्यूयॉर्क के एनवाईयू लैंगोन हेल्थ में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट के तौर पर काम कर रहे फ़े को बाद में पता चला कि प्रक्रिया सफल रही और मरीज़ को यह संक्रमण दोबारा कभी नहीं हुआ।

बीते कुछ वर्षों में आंतों में मौजूद सूक्ष्मजीवों के समुदाय यानी गट माइक्रोबायोम की भूमिका पर शोध तेज़ हुआ है और मल प्रत्यारोपण में भी दिलचस्पी बढ़ी है। क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल के संक्रमण के इलाज के लिए इसे पहले ही मंज़ूरी मिल चुकी है। दुनिया भर में इरिटेबल बाउल सिंड्रोम, डायबिटीज़, ऑटिज़्म और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों के इलाज में इसकी उपयोगिता के परीक्षण किए जा रहे हैं। याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता में गिरावट तथा मानसिक बीमारियों के इलाज में भी इसके इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। मल सीधे आंत में पहुंचाया जा सकता है या कैप्सूल में भरकर गोली के रूप में दिया जा सकता है।

हालांकि, उपयुक्त मल दान करने वाले लोगों को ढूंढना आसान नहीं है। बेहद सावधानी से जांच के बाद केवल सबसे स्वस्थ लोगों को दानदाता के तौर पर चुना जाता है और सबसे अच्छी गुणवत्ता वाला मल देने वाले दानदाता और भी मुश्किल से मिलते हैं। अनौपचारिक तौर पर ऐसे दानदाताओं को 'सुपर पूपर्स' कहा जाता है। इस लेख के लिए छह स्टूल बैंकों और प्रयोगशालाओं से दानदाताओं का इंटरव्यू कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन सभी ने इनकार कर दिया। उनका कहना था कि भरोसेमंद दानदाता ढूंढना इतना मुश्किल है कि निजता में दखल देने से वे दान करना बंद कर सकते हैं। दानदाता चुनने की जांच प्रक्रिया हर जगह एक जैसी नहीं होती और यह इस बात पर निर्भर करती है कि मल का इस्तेमाल किस बीमारी के इलाज के लिए किया जाना है।

न्यूयॉर्क के वेल कॉर्नेल मेडिसिन में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट कार्ल क्रॉफर्ड के मुताबिक़, ऐसे व्यक्ति की तलाश की जाती है जिसकी सेहत सबसे अच्छी स्थिति में हो और उसकी जांच किडनी या रक्तदान करने वाले व्यक्ति की तरह गहनता से की जाती है। दानदाता बनने के लिए पहले कई स्वास्थ्य सर्वेक्षणों और इंटरव्यू से गुज़रना पड़ता है, फिर संक्रामक बीमारियों का पता लगाने के लिए खून और मल की विस्तृत जांच होती है। इसमें 30 से अधिक तरह के रोगाणुओं, परजीवियों और दवाओं के प्रति प्रतिरोधी सूक्ष्मजीवों की जांच शामिल हो सकती है। कुछ क्लीनिक कोविड-19 और फ्लू की जांच भी अनिवार्य करते हैं, क्योंकि कई संक्रामक बीमारियां मल के ज़रिए फैल सकती हैं। कुछ मामलों में मल प्रत्यारोपण के कारण ई कोलाई बैक्टीरिया का संक्रमण भी अनजाने में फैल चुका है। दानदाताओं की कुछ ऑटोइम्यून बीमारियों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की हिस्ट्री भी जांची जाती है और कुछ प्रयोगशालाएं दवाओं व सप्लीमेंट्स की भी बारीकी से जांच करती हैं।