अक्सर माता-पिता यह देखते हैं कि उनका बच्चा दीवार पर बनी तस्वीर या डिब्बे से गायब बिस्कुट का दोष कुत्ते या किसी भूत पर डाल देता है, जबकि उसके हाथ में रंगीन पेंसिल या कपड़ों पर बिस्कुट के टुकड़े मौजूद होते हैं। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉक्टर जेड रेडफ़र्न के मुताबिक़, सच छिपाना या किसी को बहकाने की कोशिश करना बच्चों के सोचने-समझने की क्षमता के विकास का अहम हिस्सा हो सकता है। सीबीबीज़ के पॉडकास्ट पेरेंटिंग डाउनलोड में उन्होंने कहा कि बच्चे असल में एक हुनर सीख रहे होते हैं और इसे अलग-अलग तरीक़ों से आज़माते हैं।
ब्रिस्टल यूनिवर्स की एक स्टडी का ज़िक्र करते हुए बताया गया है कि लगभग एक चौथाई बच्चे 10 महीने की उम्र तक किसी न किसी तरह दूसरों को बहकाने की बात समझने लगते हैं। इस स्टडी का नेतृत्व करने वाली प्रोफ़ेसर एलेना होइका कहती हैं कि इतनी कम उम्र के बच्चों का चालाकी से ऐसा करना हैरान करने वाला था। उनके मुताबिक़, दो साल की उम्र में बच्चों के झूठ और बहाने काफ़ी सीधे-सादे होते हैं, जबकि तीन साल की उम्र तक वे झूठ बोलने और बात छिपाने के नए-नए तरीक़े सीख लेते हैं।
डॉक्टर रेडफ़र्न कहती हैं कि इससे पता चलता है कि बच्चा यह समझने लगा है कि दूसरे लोगों की सोच उसकी सोच से अलग हो सकती है, जिसे मनोविज्ञान में 'थ्योरी ऑफ़ माइंड' कहा जाता है। बच्चे के झूठ बोलने की एक वजह ख़ुद को बचाना भी हो सकती है, क्योंकि वह अपने माता-पिता को नाराज़ या निराश नहीं करना चाहता। उनके मुताबिक़, बच्चे छोटी उम्र में ही सीख जाते हैं कि कौन-सी बात उन्हें अपने देखभाल करने वालों के क़रीब लाती है और कौन-सी दूरी पैदा करती है।
डॉक्टर रेडफ़र्न का मानना है कि बच्चों को सच बोलने के लिए ऐसा माहौल देना चाहिए, जिसमें वे बिना डरे अपनी बात बता सकें। टीवी कार्यक्रम द ट्रेटर्स की हालिया सीज़न की विजेता रेचल डफ़ी ने पॉडकास्ट को बताया कि उनके बड़े बेटे ने भाई की साइकिल कार से टकराकर तोड़ दी थी और शुरुआत में इसे छिपाने के लिए झूठ बोलने की कोशिश की। रेचल ने बताया कि उन्होंने बेटे से कहा कि सच बताने पर ज़्यादा डांट नहीं पड़ेगी और उसे थोड़ी देर अकेला छोड़ दिया, जिसके बाद उसने सच स्वीकार किया। डॉक्टर रेडफ़र्न इसे ऐसी स्थिति संभालने का अच्छा तरीक़ा बताती हैं और कहती हैं कि कुछ मौक़ों पर झूठ बोलना या बात संभालकर कहना ठीक भी हो सकता है।
