मुंबई पुलिस अब अपराधियों तक पहुंचने और अपराधों की कड़ियां जोड़ने के लिए एआई की मदद लेगी। इसके लिए ‘प्रत्यंचा’ नाम का एक विशेष फ्यूजन सेंटर शुरू किया गया है। यहां पुलिस और दूसरी सरकारी एजेंसियों के पास मौजूद अलग-अलग जानकारियों को एक जगह लाकर एआई के जरिए उनका विश्लेषण किया जाएगा। इससे अलग-अलग इलाकों में हुए अपराधों के बीच छिपे संबंधों का पता लगाने, एक ही गिरोह के अलग-अलग मामलों में शामिल होने की जानकारी जुटाने और अपराधियों तक तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी। मुंबई पुलिस के 50 हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी भी एक डिजिटल मंच पर जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री और राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मलबार हिल स्थित सह्याद्री अतिथिगृह में इन प्रकल्पों का लोकार्पण किया। पुलिस प्रवक्ता डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि इन सुविधाओं के शुरू होने से पुलिस का कामकाज अधिक तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलेगी। ये प्रकल्प मेगासिटी पुलिसिंग योजना के दूसरे चरण के तहत शुरू किए गए हैं, जिसमें पुलिस के कामकाज से लेकर अपराधों की जांच और नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं तक को तकनीक से जोड़ने की तैयारी की गई है।

नागरिकों को पुलिस से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए ‘सिटिजन’ ऐप भी शुरू किया गया है। इसके जरिए लोग आपात स्थिति में एसओएस सहायता मांग सकेंगे और अलग-अलग सेवाओं व जरूरी अनुमतियों के लिए मोबाइल से आवेदन कर सकेंगे। पुलिसकर्मियों की असली पहचान सुनिश्चित करने के लिए एनएफसी और क्यूआर कोड वाला ‘डिजीआईडी’ स्मार्ट पहचान पत्र शुरू किया गया है, जिससे वर्दी या पहचान का गलत इस्तेमाल करने वालों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। विभागीय कामकाज को डिजिटल बनाने के लिए मुंबई पुलिस इंटीग्रेटेड सिस्टम और सुरक्षित संवाद के लिए ‘संवाद’ ऐप भी शुरू किया गया है।

मेगासिटी पुलिसिंग योजना के दूसरे चरण में पुलिसकर्मियों को 50 हजार टैबलेट उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि वे मौके पर ही डिजिटल तरीके से काम कर सकें। पुलिस के डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए एक सुरक्षित डेटा सेंटर भी तैयार किया गया है और 490 से अधिक कार्यालयों को नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। करीब एक करोड़ पन्नों के पुराने रिकॉर्ड को डिजिटल बनाया जा रहा है। नशे से जुड़े अपराधों की जांच के लिए एंटी नार्कोटिक्स इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक वैन भी शुरू की गई है, जिससे घटनास्थल पर ही संदिग्ध पदार्थों की शुरुआती जांच की जा सकेगी।