अन्नाद्रमुक के महासचिव और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री इडाप्पडी के पलानीस्वामी ने शनिवार को दावा किया कि राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ती महंगाई समेत कई समस्याओं के कारण टीवीके सरकार अपने आप गिर जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार गिराने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने की खबरें महज मीडिया की अटकलें हैं, क्योंकि विधानसभा में अन्नाद्रमुक के 41 विधायकों के पास सरकार गिराने के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं है।

पलानीस्वामी ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह कर्नाटक से राज्य के हिस्से का पानी हासिल करने में विफल रही है। उन्होंने महंगाई, कानून-व्यवस्था की स्थिति, औद्योगिक विकास के कुप्रबंधन के कारण उद्योगों के पड़ोसी राज्यों में जाने और मेकेदातु परियोजना पर ठोस कदम न उठाए जाने जैसी समस्याओं का हवाला दिया।

इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक को कावेरी नदी का 11 हजार मिलियन क्यूबिक फीट पानी छोड़ने का निर्देश देने की मांग वाली तमिलनाडु सरकार की दो याचिकाएं खारिज कर दीं। इसके कुछ ही घंटों बाद द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री विजय से परेशान किसानों को बचाने की अपील की और इस मुद्दे पर प्रस्ताव पारित करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने को कहा।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में स्टालिन ने कहा कि पानी की अनुपलब्धता और कम जलस्तर के कारण मेट्टूर बांध से सिंचाई के लिए पानी न छोड़े जाने से खेती पहले ही चौपट हो चुकी है और अब बाकी फसल भी मुरझा रही है। उन्होंने किसानों को बचाने के लिए मुख्यमंत्री से जवाब मांगते हुए सवाल किया कि संकट से जूझ रहे किसानों के प्रति मौन मुख्यमंत्री का क्या जवाब है।