साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि एआई का इस्तेमाल करने वाले हैकरों और बैंकों की आईटी टीमों के बीच साइबर जंग तेज़ हो सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक़, जावा में सामने आई नई ख़ामी का असर पुराने तकनीकी ढांचे पर पड़ सकता है, और भारत की बैंकिंग व्यवस्था इससे प्रभावित हो सकती है। उनका कहना है कि साइबर हमले अगले महीने तक शुरू हो सकते हैं।

क्लाउडसेक के सह-संस्थापक और सीईओ राहुल सासी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जावा में जावा टू शेलच नाम की नई ख़ामी सामने आई है, जिससे पुराने तकनीकी सिस्टम सबसे ज़्यादा प्रभावित हो सकते हैं, जैसे बैंकिंग व्यवस्था, क्योंकि बैंकों के ज़्यादातर सिस्टम जावा पर चलते हैं। बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमले के कई नए तरीक़े सामने आ रहे हैं और जिन ख़ामियों को पहले इंसान या मशीनें नहीं खोज पाए थे, अब एआई उन्हें खोज रहा है।

ब्रीचएक्स के संस्थापक राजशेखर पुल्लाबतला ने कहा कि कई बार सेवाओं के बंद होने की घटनाओं को सामान्य तकनीकी ख़ामी बताकर छोड़ दिया जाता है, जबकि इनमें से कई घटनाएं ऐसे साइबर हमलों की वजह से होती हैं, जिनमें हमलावर सिस्टम में घुस तो नहीं पाए, लेकिन उन्होंने सिस्टम को बंद कर दिया। सिक्योरिटी कंसल्टेंसी सर्विसेज़ एलएलपी के संस्थापक शशिधर सीएन भी इन दोनों विशेषज्ञों से सहमत हैं। हालांकि, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के प्रवक्ता ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

शशिधर के मुताबिक़, पहले गंभीर ख़ामी को ठीक करने के लिए 24 घंटे का समय लिया जाता था, लेकिन अब मध्यम स्तर के ख़तरे में भी 24 घंटे बहुत लंबा समय है, क्योंकि इस दौरान सिस्टम असुरक्षित हो सकता है और कोई व्यक्ति एआई की मदद से उस ख़ामी का फ़ायदा उठा सकता है। राजशेखर का कहना है कि एआई का इस्तेमाल करने वाले हमलावर ऐसी ख़ामियां खोज सकते हैं, जिन्हें पहले कभी नहीं देखा गया, इसलिए साइबर सुरक्षा के क्षेत्र को अब हमले का पता लगाने से आगे बढ़कर ख़ामी खोजने पर काम करना होगा।