देश में 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक चलने वाले विवाह सीजन में लगभग 52 लाख शादियां होने और करीब ₹7.50 लाख करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। कन्फेडरेशन ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने गुरुवार को जारी अपनी रिपोर्ट में यह अनुमान जताया है। कैट के अनुसार, यह आंकड़े उसकी शोध इकाई कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने तैयार किए हैं, जिसके लिए 25 राज्यों के प्रमुख थोक एवं खुदरा बाजारों में 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं और 550 व्यापारिक संगठनों से विचार-विमर्श तथा राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण किया गया।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के अनुसार, अनुमानित कारोबार का यह आकार दर्शाता है कि विवाह परंपराएं एक सशक्त आर्थिक तंत्र बन चुकी हैं। हर शादी छोटे दुकानदारों, थोक व्यापारियों, निर्माताओं, एमएसएमई, कारीगरों, किसानों, परिवहन व्यवसायियों, होटलों, कैटरर्स और सेवा प्रदाताओं के लिए आर्थिक अवसर पैदा करती है। अनुमान के मुताबिक कुल कारोबार में करीब ₹4.05 लाख करोड़ यानी 54 प्रतिशत वस्तुओं एवं खुदरा व्यापार से और ₹3.45 लाख करोड़ यानी 46 प्रतिशत सेवाओं से होगा। वस्तुओं में आभूषण एवं बहुमूल्य धातुओं का हिस्सा ₹1.20 लाख करोड़, परिधान एवं वस्त्र का ₹90,000 करोड़ आंका गया है, जबकि सेवाओं में कैटरिंग एवं खानपान ₹75,000 करोड़ तथा विवाह स्थल, बैंक्वेट हॉल एवं होटल ₹60,000 करोड़ के अनुमानित हैं।

दिल्ली-एनसीआर में लगभग 5 लाख शादियां होने और करीब ₹2.50 लाख करोड़ का कारोबार होने की संभावना है। चांदनी चौक, खारी बावली, नया बाजार, लाहौरी गेट, सदर बाजार, करोल बाग और कनॉट प्लेस सहित कई बाजारों में विवाह संबंधी खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। कैट के अनुसार, सामान्य विवाह में लगभग ₹4–5 लाख और भव्य शादियों में ₹4–5 करोड़ या अधिक खर्च हो सकता है। पिछले वर्षों के आंकड़ों में 2022 में 32 लाख शादियों से ₹3.75 लाख करोड़, 2023 में 38 लाख से ₹4.74 लाख करोड़, 2024 में 48 लाख से ₹5.90 लाख करोड़ और 2025 में 46 लाख शादियों से ₹6.50 लाख करोड़ के कारोबार का अनुमान जताया गया था।