पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने भारत-पाकिस्तान संबंधों को बेहतर बनाने में संस्कृति की अहम भूमिका बताई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत और आपसी समझ बढ़ाने के लिए एक-दूसरे के रहन-सहन और तौर-तरीकों को समझना जरूरी है। शुक्रवार को दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह बात कही।

एक पत्रकार ने उनसे कुछ सवाल पूछे तो उन्होंने कहा, 'सबसे पहले तो आप यहां मेजबान हैं और सवाल भी आप ही पूछ रहे हैं। ये तो ऐसा लगता है कि आपके जेहन में कोई खाका पहले से बना हुआ है।' पत्रकार ने जब उनसे सिंधु जल संधि पर पहले दिए गए बयान के बारे में पूछा तो मलिक ने कहा कि वह इस पर पहले ही अपनी बात रख चुके हैं और दोहराते हैं कि यहां सभी चर्चाएं बहुपक्षीय ढांचे के तहत हो रही हैं, इसी पर ध्यान देना चाहिए।

भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों को सुधारने से जुड़े सवाल पर पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि संस्कृति की इसमें बेहद अहम भूमिका है। उन्होंने साफ किया कि संस्कृति का महत्व केवल दो देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए है। उन्होंने कहा कि जब तक देश एक-दूसरे को ठीक से नहीं समझेंगे, तब तक बेहतर संबंध और विकास की संभावनाएं आगे नहीं बढ़ सकतीं। बातचीत के जरिए दोनों पक्षों को एक-दूसरे का नजरिया समझने का मौका मिलता है, जिससे आपसी समझ बढ़ती है।

मुसादिक मसूद मलिक का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते लंबे समय से तनावपूर्ण बने हुए हैं और द्विपक्षीय बातचीत भी प्रभावित रही है। फोरम में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने के सवाल पर मलिक ने कहा कि यह एक बहुपक्षीय कार्यक्रम है और यहां किसी द्विपक्षीय मामले पर बातचीत नहीं हो रही है। भारत की मेजबानी में यह तीन दिवसीय एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम 20 से 22 नवंबर तक पुराना किला में हो रहा है। एससीओ की स्थापना 2001 में शंघाई में हुए शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी और भारत व पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने थे।