प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 से 23 नवंबर तक भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। मार्च में पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी। उनके साथ वित्त मंत्री डॉ स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यान्जनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी आ रहे हैं।
राजनयिक हलकों में चर्चा है कि इस दौरे के दौरान लगभग 2 अरब डॉलर का बड़ा आर्थिक पैकेज घोषित किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक यात्रा में भारत नेपाल के लिए इस आकार का पैकेज दे सकता है। गौरतलब है कि नेपाल इस साल आई विनाशकारी ग्लेशियर बाढ़ के बाद आपदा राहत और पुनर्निर्माण कार्यों पर काफी खर्च कर रहा है। दौरे में विकास परियोजनाओं की समीक्षा, नई परियोजनाओं की घोषणा और ऊर्जा व कनेक्टिविटी से जुड़ी पहलों को गति मिलने की भी संभावना है।
नेपाली मीडिया में आई खबरों के मुताबिक यात्रा के दौरान 'समृद्ध नेपाल-समुन्नत भारत' की अवधारणा पर आधारित 10 सूत्रीय संयुक्त विजन दस्तावेज जारी किया जा सकता है। इसका उद्देश्य पारंपरिक कूटनीतिक प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ाते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में समयबद्ध लक्ष्य तय करना है। दस्तावेज में आर्थिक साझेदारी, कनेक्टिविटी, निवेश, जल संसाधन व ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी, सुशासन, जनसंपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और व्यापार जैसे क्षेत्रों को शामिल बताया गया है।