नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार शाम अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर वह भारत आए हैं। उनकी यात्रा सोमवार को समाप्त होगी और कुल मिलाकर एक दिन से कुछ अधिक समय तक चलेगी। दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
बालेन शाह नेपाल एयरलाइंस की नियमित वाणिज्यिक उड़ान से भारत पहुंचे हैं। उनके साथ 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें उनके मुख्य सलाहकार कुमार ब्यानजंकर, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले और विदेश मंत्री शिशिर खनाल शामिल हैं। प्रधानमंत्री के प्रतिनिधिमंडल के साथ कारोबारियों का एक अलग दल भी भारत आया है। दौरे के दौरान शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। विदेश मंत्री एस जयशंकर भी उनसे शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने दौरे से पहले यह जानकारी दी थी।
दोनों देशों के बीच बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं पर चर्चा की उम्मीद है। खासतौर पर व्यापार, ट्रांजिट, ऊर्जा, निवेश और सीमा पार संपर्क सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान ऊर्जा सहयोग से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा सकता है और कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखे जाने की तैयारी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अंतरिक्ष, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी होना है।
यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि शाह ने अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा के लिए चीन के बजाय भारत को चुना है। पिछले कुछ समय से नेपाल चीन के करीब जाता दिखाई दे रहा था और 2024 में तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भी अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत की जगह चीन को चुना था। नेपाल में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान भारत ने राहत सामग्री, राशन और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई थीं। सितंबर में शाह संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे, लेकिन वह उनकी आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा नहीं थी।
