शरद पवार की पार्टी NCP (SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन करेगी। पार्टी के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शरद पवार से चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया। सूत्रों के हवाले से बताया गया कि समर्थन के बदले पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। पार्टी ने महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री पद भी मांगे हैं।
इस फैसले से कांग्रेस नाराज है। पार्टी ने कहा कि शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए उसने अपनी सीट छोड़ी थी। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि अब उनकी पार्टी भाजपा सरकार के बिल का समर्थन क्यों कर रही है। NCP (SP) के महाराष्ट्र विधानसभा में 10 विधायक और लोकसभा में 8 सांसद हैं। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा में शुरू होगा।
इस बीच, पवार के करीबी विट्ठल मनियार ने मीडिया को बताया था कि खांसी और सांस लेते समय सीने में दर्द की शिकायत के बाद 2 नवंबर को अस्पताल में भर्ती शरद पवार को PM मोदी ने फोन किया था। उन्होंने कहा था कि सुप्रिया अब तैयार हैं और सुप्रिया और हम मिलकर देश संभालेंगे, आप आराम कीजिए। पवार ने जवाब दिया था कि वे आराम कर रहे हैं और जब सभी साथ हैं तो देश की चिंता नहीं है। हालांकि, शरद पवार और PM मोदी ने इस बातचीत की पुष्टि नहीं की है।
महाराष्ट्र कांग्रेस ने X पर पोस्ट कर कहा कि इसी साल राज्यसभा चुनाव में शरद पवार को जिताने के लिए उसने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था। उस समय NCP-SP के पास सिर्फ 10 विधायक थे, जबकि एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 36 वोट चाहिए थे। कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से अपने पिता के लिए समर्थन मांगा था, जिसके बाद महाविकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था।
