महिला आरक्षण परिसीमन के बाद लागू होना है, लेकिन बीजेपी अभी से इसकी सियासी जमीन मजबूत करने में जुटी है। संसद सत्र के बहाने पार्टी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में महिला आरक्षण को फिर धार देने की तैयारी में है। इसके पीछे प्रतिनिधित्व के साथ चुनावी गणित भी है। दोनों राज्यों में महिलाएं कई चुनावों में पुरुषों से ज्यादा संख्या में बूथ तक पहुंची हैं और बीजेपी के लिए मजबूत वोट बैंक भी बनी हैं।
यूपी के पिछले डेढ़ दशक के आंकड़े यह तस्वीर साफ करते हैं। 2012 से हुए छह विधानसभा और लोकसभा चुनावों में केवल 2014 में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से कम रहा। 2017 विधानसभा चुनाव में महिलाओं ने पुरुषों से 3.9 प्रतिशत अंक और 2022 में तीन प्रतिशत अंक ज्यादा मतदान किया। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी यह बढ़त 0.76 प्रतिशत अंक रही।
महिलाओं की बढ़ती चुनावी भागीदारी के साथ बीजेपी के प्रति उनके समर्थन में भी बदलाव आया है। सीएसडीएस के सर्वे के मुताबिक, यूपी में बीजेपी को 2007 में 16 प्रतिशत और 2012 में 14 प्रतिशत महिला वोट मिले थे, जो 2017 में बढ़कर 41 प्रतिशत पहुंच गए। उसी सर्वे में बसपा को 23 प्रतिशत, सपा को 20 प्रतिशत और कांग्रेस को 5 प्रतिशत महिला वोट मिलने का अनुमान था। 2022 में बीजेपी को करीब 44 से 46 प्रतिशत महिलाओं का समर्थन मिला, जबकि पुरुषों में यह करीब 41 से 43 प्रतिशत था।
उत्तराखंड में गठन के बाद से अब तक हर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में महिलाओं का मतदान पुरुषों से अधिक रहा है। 2012 में यह अंतर 8 प्रतिशत, 2014 में 7.4 और 2017 में 7.6 अंक रहा, जबकि 2024 में महिलाएं 3.75 प्रतिशत आगे रहीं। यही चुनावी गणित बीजेपी के 'मिशन महिला' की अहम वजह है। परिसीमन के बाद महिला आरक्षण लागू होने पर सीटों और उम्मीदवारों का नया समीकरण बनेगा, ऐसे में पार्टी के सामने आरक्षण का सियासी लाभ लेने और इस महिला वोट बैंक पर पकड़ बनाए रखने का लक्ष्य है।
