परिसीमन के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत का नक्शा बदल सकता है। इसका असर सिर्फ सीटों की संख्या पर नहीं, बल्कि सियासी भूगोल पर भी पड़ेगा। सीटों के पुनर्निर्धारण से लोकसभा की सीटें 120 तक और विधानसभा की संख्या 604 तक पहुंच सकती है। फिलहाल यूपी से 80 लोकसभा सांसद चुने जाते हैं, जबकि विधानसभा में 403 सीटें हैं। 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर विधानसभा की संख्या 604.5 होती है। सीट आधी नहीं हो सकती, इसलिए 604 या 605 सीटों तक पहुंचने के आसार हैं।
परिसीमन का मतलब केवल सीटें बढ़ाना नहीं है। मौजूदा संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में भी बदलाव हो सकता है। किसी क्षेत्र के हिस्से दूसरे निर्वाचन क्षेत्र में जा सकते हैं और आबादी के आधार पर नए निर्वाचन क्षेत्र बनाए जा सकते हैं। सीमाएं बदलने से दलों को अपनी चुनावी रणनीति नए सिरे से बनानी पड़ सकती है, क्योंकि मौजूदा संसदीय क्षेत्रों में वर्षों से तैयार जातीय, सामाजिक और स्थानीय समीकरण नई सीमाओं के बाद बदल सकते हैं।
परिसीमन के साथ महिला आरक्षण लागू होने पर राजनीतिक समीकरण में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लोकसभा सीटें बढ़कर करीब 120 होने पर 33 प्रतिशत आरक्षण के हिसाब से 40 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। विधानसभा की संख्या करीब 604 तक जाने पर लगभग 201 या 202 सीटें महिला आरक्षण के दायरे में आ सकती हैं।
परिसीमन का असर उच्च सदन पर भी पड़ सकता है। संविधान के अनुच्छेद 80 में राज्यसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 250 तय है। यूपी से अभी 31 सदस्य राज्यसभा जाते हैं। लोकसभा सीटों में करीब 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के अनुरूप राज्यसभा में आनुपातिक बदलाव किया जाए तो यूपी की भागीदारी करीब 40 सीटों तक पहुंच सकती है, हालांकि इसके लिए संवैधानिक व्यवस्था में आवश्यक बदलाव करने होंगे। विधान परिषद में अभी 100 सदस्य हैं और संवैधानिक व्यवस्था के तहत इसकी सदस्य संख्या विधानसभा सदस्यों की संख्या के एक तिहाई से अधिक नहीं हो सकती। विधानसभा सीटों में करीब 50 प्रतिशत बढ़ोतरी होने पर विधान परिषद की सदस्य संख्या 100 से बढ़कर करीब 150 तक जाने का गणित बन सकता है, जिसके लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजकर संसद से आवश्यक मंजूरी लेनी होगी।
उल्लेखनीय है कि यूपी में सीटों का गणित बदलता रहा है। 1951 से 1967 तक लोकसभा की 86 सीटें थीं, 1967 से 2004 तक 85 सीटें रहीं और 2004 से अब तक 80 सीटें हैं। विधानसभा में 1952 से 1967 तक 431 सीटें थीं, 1967 से 1996 तक 426 सीटें रहीं, 1996 से 2022 तक 404 सीटें रहीं और 2022 से 403 सीटें हैं। देश में परिसीमन 1952, 1962, 1972 और 2002 में हुआ। 2002 में गठित आयोग की रिपोर्ट 2008 में आई, जिसके आधार पर यूपी के संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों का भूगोल बदला, लेकिन सीटों की संख्या पहले जितनी रही।
