वॉशिंगटन: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेट्स ने डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को हराकर कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस पर नियंत्रण मिलने के साथ ही डेमोक्रेट्स ने ट्रंप पर शिकंजा कसने के संकेत दिए हैं। एनवाई पोस्ट के अनुसार, डेमोक्रेट्स जनवरी 2021 में हुई कैपिटल हिल हिंसा की जांच की फाइल फिर से खोलने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी योजना में इस हमले में ट्रंप की भूमिका की जांच और इसमें शामिल लोगों को दी गई माफी की समीक्षा शामिल है। इसके अलावा भ्रष्टाचार, मतदान के अधिकार और स्टॉक ट्रेडिंग से जुड़े कानूनों पर भी काम हो रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, डेमोक्रेट्स उन पूर्व सरकारी वकीलों को काम पर रख रहे हैं, जिन्होंने 6 जनवरी के मामलों पर काम किया था, ताकि जांच में उनकी मदद ली जा सके। डेमोक्रेट्स कैपिटल हमले की बरसी मनाने की भी योजना बना रहे हैं। 2022 में हाउस पर नियंत्रण खोने के बाद ऐसा पहली बार होगा। वे एक ऐसे कानून पर भी विचार कर रहे हैं, जो ट्रंप प्रशासन को करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल उन लोगों को भुगतान करने से रोकेगा, जिन्हें राष्ट्रपति की ओर से माफी मिली है।
हाउस एडमिनिस्ट्रेशन कमेटी का नेतृत्व करने की उम्मीद रखने वाले जो मोरेल की योजना कैपिटल की रक्षा करने वाले अधिकारियों की सम्मान पट्टिका को बेसमेंट के गलियारे से हटाकर ऐसी जगह लगाने की है, जहां पर्यटक इसे देख सकें। वाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने डेमोक्रेट्स की योजनाओं की आलोचना करते हुए कहा कि अमेरिकियों का जीवन बेहतर बनाने के बजाय डेमोक्रेट्स 6 जनवरी को लेकर अपने पुराने जुनून में उलझे हुए हैं और उन्हें इससे आगे बढ़कर लोगों के लिए काम करना चाहिए।
संघीय अदालतें 6 जनवरी की घटना से जुड़े 1,500 आरोपियों को ट्रंप की ओर से दी गई माफी के दायरे पर भी विचार कर रही हैं। माफी पाने वाले 100 से अधिक लोगों ने संघीय सरकार से मुआवजे की मांग करते हुए 19 मुकदमे दायर किए हैं। हफपोस्ट के अनुसार, स्टॉक ट्रेडिंग पर प्रतिबंध लगाने के मामले में डेमोक्रेट्स सबसे पहले कदम उठा सकते हैं, जिसे नए सदस्यों का पूरा और रिपब्लिकन पार्टी के कुछ सदस्यों का समर्थन मिल रहा है। डेमोक्रेट्स मतदान अधिकार, चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव, चुनाव प्रशासकों के लिए फंडिंग, प्रेडिक्शन मार्केट में सट्टेबाजी, पैसे के बदले माफी और चुनाव प्रचार के वित्तपोषण में सुधार पर भी बिल ला सकते हैं।
