नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिका के ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) ने संयुक्त अभियान 'ऑपरेशन मॉनसून थंडर' के तहत एक संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के भारतीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी ने हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ सहित कई स्थानों पर छापेमारी की। चार नवंबर से 13 नवंबर के बीच छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के अनुसार यह नेटवर्क कथित तौर पर अमेरिका में उपभोक्ताओं को साइकोट्रोपिक पदार्थों और ओपिओइड/एनआरएक्स दवाओं की अवैध सप्लाई में शामिल था।
अब तक मिले रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों से संकेत मिलता है कि इस नेटवर्क ने जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच अमेरिका में लगभग 3,000 पार्सल भेजे, जिनमें करीब पांच लाख गोलियां थीं। जांच में 1,500 से अधिक गोलियों वाले कई शिपमेंट की पहचान हुई, जिन्हें अमेरिका में अलग-अलग जगहों पर पहुंचाया जाना था। डीईए के साथ अहम खुफिया जानकारी साझा की गई, जिसके आधार पर डीईए ने दो शिपमेंट जब्त किए। 59,000 से अधिक लोगों का डेटाबेस भी डीईए के साथ साझा किया गया है, जिसमें लेन-देन, पहले भेजे गए शिपमेंट का विवरण, डिलीवरी पते, यूएसपीएस ट्रैकिंग आईडी और दवाओं के प्रकार जैसी जानकारी शामिल है।
जांच से पता चलता है कि यह नेटवर्क अपने शिपमेंट और ग्राहकों का विवरण डिजिटल रिकॉर्ड (जैसे गूगल शीट्स) में रखता था। भारतीय ऑपरेटरों को टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सएप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दवाओं के ऑर्डर मिलते थे, जिसके बाद अमेरिका में सक्रिय नेटवर्क के जरिए इन दवाओं को डाक या अन्य डिलीवरी माध्यमों से भेजा जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि भारतीय ऑपरेटर डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म (जैसे अमेरिका का पेमेंट ऐप 'वेनमो'), दूसरों के नाम पर खुले बैंक खातों, यूपीआई और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भुगतान ले रहे थे। कमीशन लेने के लिए हवाला चैनलों के इस्तेमाल का भी पता चला है। अब इस बात की जांच की जा रही है कि इस पैसे का फायदा किसे मिला और नशीली दवाओं की तस्करी से कितनी कमाई हुई।
एनसीबी ने बताया कि जांच के दायरे में आया सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क अमेरिका के भीतर काम कर रहा था, लेकिन भारत में गिरफ्तार व्यक्ति के पास मौजूद रिकॉर्ड में मिले डिजिटल डेटा और दवाओं के ब्रांडों से संकेत मिलता है कि ये पदार्थ संभवतः कई देशों से मंगाए जा रहे थे। इन पदार्थों के सटीक स्रोत, इन्हें हासिल करने के तरीकों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनके आवागमन की जांच की जा रही है, ताकि पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके। एनसीबी ने कहा कि यह ऑपरेशन संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क की पहचान करने और उन्हें खत्म करने के उसके लगातार प्रयासों को दर्शाता है।