26 नवंबर 2008 की रात मुंबई अचानक गोलियों की आवाज़ से दहल उठी थी। लश्कर-ए-तैयबा के प्रशिक्षित और भारी हथियारों से लैस दस चरमपंथियों ने शहर के कई इलाकों और प्रतिष्ठित इमारतों को निशाना बनाया। यह हमला चार दिन तक चला, जिसमें 164 लोग मारे गए। हमलावरों ने दो पांच सितारा होटलों, एक अस्पताल, रेलवे स्टेशन और एक यहूदी केंद्र पर हमला किया। शुरू में किसी को अंदाज़ा नहीं था कि हमला इतना बड़ा है, लेकिन धीरे-धीरे इसके पैमाने और गंभीरता का पता चला। उसी रात आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे समेत मुंबई पुलिस के कई आला अधिकारी भी शहीद हो गए।
मुंबई पुलिस और जांच अधिकारियों के मुताबिक़, हमलावर दो-दो के गुटों में बंटे हुए थे। लियोपोल्ड कैफ़े पहुंचे दो हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जहां ज़्यादातर विदेशी पर्यटक आते हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक़, यहां 10 लोग मारे गए। छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पर सबसे ज़्यादा अफरा-तफरी मची। जांच अधिकारियों के मुताबिक़, यहां हुई गोलीबारी में अजमल आमिर कसाब और इस्माइल ख़ान शामिल थे। कसाब बाद में पकड़ा गया, जबकि इस्माइल ख़ान मारा गया। यहां सबसे ज़्यादा 58 लोग मारे गए।
ओबेरॉय होटल में भी हमलावर भारी मात्रा में गोला-बारूद लेकर घुसे थे, जहां उस समय 350 से ज़्यादा लोग मौजूद माने जाते हैं। हमलावरों ने कई लोगों को बंधक बनाया, लेकिन एनएसजी के जवानों ने दोनों हमलावरों को मार गिराया। गेटवे ऑफ़ इंडिया के पास स्थित 105 साल पुराने ताजमहल होटल पर हमले के समय रात के खाने का समय था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक़, यहां 31 लोग मारे गए और चार हमलावरों को सुरक्षाकर्मियों ने मार दिया।
कामा अस्पताल के बाहर मुठभेड़ के दौरान हेमंत करकरे, अशोक कामटे और विजय सालसकर मारे गए। मुंबई पुलिस के मुताबिक़, चार हमलावरों ने एक पुलिस वैन अगवा कर ली थी और गोलियां चलाते हुए अस्पताल में घुसे। हमलावरों ने नरीमन हाउस, जिसे चबाड़ सेंटर भी कहा जाता है, को भी निशाना बनाया। यहूदियों की मदद के लिए बने इस सेंटर में भी कई लोगों को बंधक बनाया गया। एनएसजी कमांडो को कार्रवाई के लिए हेलिकॉप्टर से बगल की इमारत में उतरना पड़ा। हमलावर मारे गए, लेकिन किसी बंधक को बचाया नहीं जा सका। यहां सात लोग और दो हमलावर मारे गए। सेंटर का संचालन करने वाले गेवरील और उनकी पत्नी रिवका भी मारे गए, जबकि उनका दो साल का बेटा मोशे बच गया। यहां छह यहूदी मारे गए थे।
