मैकडॉनल्ड्स की एक पूर्व कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि ग्राहकों द्वारा यौन टिप्पणियां किए जाने के दौरान एक मैनेजर उसकी सुरक्षा में नाकाम रहा. 22 वर्षीय होप ने 2023 में वेस्ट मिडलैंड्स स्थित मैकडॉनल्ड्स की एक ब्रांच में काम किया था. उन्होंने बीबीसी न्यूज़ को बताया कि उन्होंने कुछ सीनियर सहकर्मियों को 16 और 17 साल की महिला कर्मचारियों को घूरते और उनके 18 साल का होने पर उनके साथ यौन संबंध बनाने की इच्छा जताते हुए सुना था. होप उन सैकड़ों कर्मचारियों में शामिल हैं, जिन्होंने मैकडॉनल्ड्स के ख़िलाफ़ भेदभाव का मुक़दमा दायर किया है.

होप के मुताबिक़, ब्रांच का माहौल बेहद ख़राब था. उन्होंने एक घटना का ज़िक्र करते हुए बताया कि एक मैनेजर पीछे से आकर उनके कंधों पर हाथ रख देता था, जिसके बाद वह उससे बचने के लिए वहां से हट जाती थीं. एक अन्य घटना में नाइट शिफ़्ट के दौरान दो ग्राहकों ने उन पर अश्लील टिप्पणियां कीं और उनके साथ वस्तु जैसा व्यवहार किया. होप का आरोप है कि मैनेजर ने उनकी शिकायत सुनकर कहा कि इसे सह लो और निपट लो.

इस हफ़्ते लंदन सेंट्रल एम्प्लॉयमेंट ट्रिब्यूनल के जज ग्लेनी ने मैकडॉनल्ड्स की उस याचिका को ख़ारिज कर दिया, जिसमें कंपनी ने आरोपों को शुरुआती स्तर पर ही ख़ारिज करने की मांग की थी. जज ने फ़ैसला सुनाया कि 450 मामलों में क़ानूनी कार्रवाई आगे बढ़ सकती है. अप्रैल में एम्प्लॉयमेंट ट्रिब्यूनल में इन मामलों की सुनवाई होने की उम्मीद है. बीबीसी के मुताबिक़, ये मामले अप्रत्यक्ष भेदभाव से जुड़े हैं.

होप ने कहा कि वह पैसों के लिए यह क़ानूनी लड़ाई नहीं लड़ रही हैं और उन्हें यह भी नहीं पता कि उन्हें कोई मुआवज़ा मिलेगा या नहीं. उनका मक़सद यह है कि कंपनी कम उम्र के कर्मचारियों के साथ व्यवहार करने का अपना तरीक़ा बदले. मैकडॉनल्ड्स ने कहा है कि मामला क़ानूनी प्रक्रिया में है, इसलिए वह किसी ख़ास मामले पर टिप्पणी नहीं कर सकती. कंपनी ने कहा कि वह अपने रेस्टोरेंट और कार्यालयों में सुरक्षित, सम्मानजनक और समावेशी कार्यस्थल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह का उत्पीड़न, भेदभाव या अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाता. ये आरोप 2023 में बीबीसी की एक जांच के बाद सामने आए हैं, जिसमें 17 साल तक के कर्मचारियों के यौन उत्पीड़न का ज़िक्र था.