मोजाम्बिक की मानवाधिकार कार्यकर्ता ग्रासा माशेल को इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके सामाजिक कार्यों और मानवाधिकारों के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के लिए दिया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में दिया जाने वाला यह पुरस्कार शांति, निरस्त्रीकरण और विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रदान किया जाता है। इसकी शुरुआत 1986 में हुई थी।

ग्रासा माशेल मोजाम्बिक की जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के लिए लंबे समय तक काम किया है। उनका काम विशेष रूप से शिक्षा, बच्चों की सुरक्षा और महिलाओं के सशक्तीकरण से जुड़ा रहा है। संघर्ष और हिंसा से प्रभावित लोगों के अधिकारों के लिए भी उन्होंने आवाज उठाई है।

उनका जन्म 17 अक्तूबर 1945 को हुआ था। मिशनरी स्कूलों में पढ़ाई के बाद वह जर्मन भाषा के अध्ययन के लिए पुर्तगाल के लिस्बन विश्वविद्यालय गईं, जहां उनके मन में अपने देश की आजादी को लेकर राजनीतिक चेतना विकसित हुई। 1973 में मोजाम्बिक लौटने के बाद वह स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ गईं और मोजाम्बिक लिबरेशन फ्रंट में स्वतंत्रता सेनानी तथा शिक्षिका के रूप में काम किया। 1975 में आजादी के बाद वह देश की पहली शिक्षा एवं संस्कृति मंत्री बनीं। उनके कार्यकाल में स्कूलों में दाखिले में बड़ी बढ़ोतरी हुई और प्राथमिक तथा माध्यमिक शिक्षा में लड़कों की भागीदारी 40 फीसदी से बढ़कर 90 फीसदी से अधिक तथा लड़कियों की भागीदारी 75 फीसदी तक पहुंच गई।

ग्रासा माशेल ने कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ काम किया है। वह 'द एल्डर्स' की संस्थापक सदस्यों में शामिल हैं और लड़कियों की कम उम्र में शादी रोकने के लिए काम करने वाली संस्था 'गर्ल्स नॉट ब्राइड्स' की स्थापना में भी उनकी अहम भूमिका रही। वह संयुक्त राष्ट्र महासचिव के सतत विकास लक्ष्य एडवोकेसी ग्रुप की सदस्य, अफ्रीका चाइल्ड पॉलिसी फोरम की संरक्षक और मंडेला इंस्टीट्यूट फॉर डेवलपमेंट स्टडीज की अध्यक्ष भी हैं। 2010 में उन्होंने ग्रासा माशेल ट्रस्ट की स्थापना की, जो महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, खाद्य सुरक्षा और सुशासन के लिए काम करता है। बच्चों के विकास के लिए उन्होंने जिजिले इंस्टीट्यूट भी स्थापित किया। 2018 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने महिलाओं और किशोरों के कल्याण में योगदान के लिए उन्हें अपना सर्वोच्च सम्मान डब्ल्यूएचओ गोल्ड मेडल दिया था।