पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तान के नारोवाल स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में दर्शन करने के लिए विदेश मंत्रालय से अनुमति मांगी है। आम आदमी पार्टी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पार्टी के मुताबिक, यह यात्रा गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व से जुड़ी है, जो 24 नवंबर से शुरू होने वाला है।
मुख्यमंत्री की पाकिस्तान यात्रा की चर्चा पिछले महीने विधानसभा सत्र के दौरान शुरू हुई थी, जब उन्होंने बताया था कि उन्हें लाहौर में होने वाले तीन दिवसीय सांस्कृतिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। इसके साथ ही मान ने करतारपुर कॉरिडोर को फिर से खोलने की मांग भी की थी, जो भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के कारण अभी बंद है।
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था, और 7 मई 2025 से करतारपुर कॉरिडोर पर भी ताला लगा हुआ है। मुख्यमंत्री मान लंबे समय से इसे खोले जाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर गलियारा फिर से खोलने की अपील की थी।
इस मामले पर विदेश मंत्रालय से सवाल किया गया था, तो उसने स्पष्ट किया था कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को विदेश यात्रा की मंजूरी एक तय नीति के तहत दी जाती है। मंत्रालय ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद इस्लामाबाद को लेकर नई दिल्ली के रुख का भी जिक्र किया था। मान ने कहा है कि अगर आने वाले दिनों में करतारपुर गलियारा नहीं खुलता है, तो केंद्र सरकार मुख्यमंत्री को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते गुरुद्वारा जाने की अनुमति दे सकती है।
