ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (GTA 6) दुनिया के कई हिस्सों में रिलीज हो गया है। अलग-अलग टाइम ज़ोन में आधी रात से गेम धीरे-धीरे उपलब्ध कराया जा रहा है। भारत में इसे गुरुवार (19 नवंबर) को रिलीज किया जा रहा है। रॉकस्टार गेम्स के मुताबिक, गेम हर देश में वहां के स्थानीय समय के हिसाब से उपलब्ध होगा। इस गेम में खिलाड़ी लियोनिडा नाम के एक काल्पनिक अमेरिकी राज्य को एक्सप्लोर कर सकते हैं। इस वर्जन में सीरीज की पहली महिला किरदार लूसिया को शामिल किया गया है। 13 साल के इंतजार और कई बार रिलीज टलने के बाद गेम अब खिलाड़ियों के पास पहुंचा है।
समीक्षकों की राय जुटाने वाली वेबसाइट मेटाक्रिटिक ने गेम को 100 में से औसतन 99 अंक दिए हैं। गेमिंग वेबसाइट आईजीएन ने इसे अभूतपूर्व और अविश्वसनीय बताया है। यूरोगेमर ने फाइव स्टार रेटिंग देते हुए कहा कि रॉकस्टार ने ग्राफिक्स और कहानी के मामले में एक बार फिर वीडियो गेम की सीमाओं को आगे बढ़ाया है। ब्लूमबर्ग ने भी पांच सितारा रेटिंग देते हुए गेम को मास्टरपीस कहा है। द गार्डियन ने गेम की पृष्ठभूमि लियोनिडा को बेहद जीवंत बताया है। हालांकि, ऑनलाइन फोरम पर कुछ लोगों ने गेम को लेकर जरूरत से ज्यादा उत्साह जताने पर आपत्ति की है। एक यूजर ने इसे अति उत्साही प्रशंसकों का प्रचार बताया।
गेमिंग पत्रकार जॉर्डन मिडलर ने कहा कि पिछले GTA गेम्स में महिलाओं को जिस तरह दिखाया गया है, वह पुरुषों के दबदबे वाली सोच को दर्शाता है। उनके मुताबिक, लूसिया को कहानी में स्वाभाविक जगह देना बड़ी बात है। रॉकस्टार ने गेम बनाने के खर्च की जानकारी नहीं दी है, लेकिन कुछ अनुमानों में इसकी लागत 1 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा बताई गई है। द गेम अवॉर्ड्स ने 2026 के नामांकन की घोषणा की है, जिसमें रिलीज से पहले ही GTA 6 को आठ श्रेणियों में नामांकित किया गया है।
भारत में गेम 19 नवंबर की रात 12 बजे से खेला जा सकेगा। इसे खेलने के लिए प्लेस्टेशन 5 या एक्सबॉक्स सीरीज एक्स या एस कंसोल चाहिए। भारत के प्लेस्टेशन और एक्सबॉक्स स्टोर पर स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपये है। स्टैंडर्ड एडिशन में पूरी मुख्य कहानी मिलती है, जबकि अल्टीमेट एडिशन में अतिरिक्त गाड़ियां, हथियार, कपड़े और दूसरी डिजिटल चीजें शामिल हैं। गेम को 18 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए रखा गया है।
